Homeदेशभारत- बांग्लादेश टी-20 सीरीज का पहला मैच आज शाम दिल्ली में,प्रदूषण बना...

भारत- बांग्लादेश टी-20 सीरीज का पहला मैच आज शाम दिल्ली में,प्रदूषण बना समस्या

नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मैच आज शाम में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. दिल्ली में प्रदूषण का स्तर अभी भी खतरनाक स्तर पर बना हुआ है ऐसे में फैंस इस बात की उम्मीद कर रहे हैं कि इसका असर मैच पर देखने को न मिले.  इससे पहले स्टेडियम में धुंध देखी गई थी जिसके कारण बांग्लादेश के खिलाड़ी अभ्यास के समय चेहरे पर मास्क पहने हुए नजर आए थे.

बांग्लादेश के कोच रसेल डोमिंगो और भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने कहा कि प्रदूषण की समस्या पर दोनों टीमें कुछ नहीं कर सकती हैं और जो वो कर सकती हैं वह है खेल पर ध्यान देना. बांग्लादेश के लिए यह सीरीज इसलिए भी मुश्किल है क्योंकि उसे अपने स्टार हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब और तमीम की गैरमौजूदगी में खेलना है. अगर बीते दो-तीन साल की बात की जाए तो यह दोनों टीम की अहम कड़ी रहे हैं. टीम के कार्यवाहक कप्तान महमुदुल्लाह ने शनिवार को ही कह दिया था कि उनकी टीम के बल्लेबाजों को निरंतरता बनाए रखनी पड़ेगी और गेंदबाजों को भारतीय बल्लेबाजों को तहस-नहस करने का मौका देना होगा.

मेहमान टीम के पास हालांकि मुस्ताफिजुर रहीम जैसे शानदार गेंदबाज हैं जिन्होंने पहले भी भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया है. अगर बांग्लादेश के बल्लेबाज अच्छा स्कोर करने में सफल होते हैं तो उनके पास रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम को रोकने का मौका है. रोहित इस मैच में भारत की कप्तानी कर रहे हैं. चयन समिति ने नियमित कप्तान विराट कोहली को इस सीरीज के लिए आराम दिया है. इससे पहले भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज खेली थी जो 1-1 से बराबर रही थी. भारत की कोशिश इस सीरीज में जीत हासिल करने की है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments