रावतपुरा धाम लहार । भारत के मानस मर्मज्ञ मुरारीबापू की रामकथा 21 दिसमबर से रावतपुरा धाम (लहार) जिला भिण्ड में आयोजित होने जा रही है। महाराज रविशंकर जी (रावतपुरा सरकार) कर्मयोगेश्वर के सानिध्य में यह कथा 21 से 29 दिसम्बर तक प्रतिदिन गोविन्दा मण्डप पंडाल में होगी। 21 दिसम्बर को कथा सायं 4 से 7ः00 बजे तक होगी । 22 दिसम्बर से कथा प्रतिदिन प्रातः 9ः30 बजे से 1ः30 बजे तक होगी। प्रतिदिन रासलीला का आयोजन भी है। रासलीला पंडित देवकीनन्दन जी महाराज (वृन्दावन वालों) की तरफ से आयोजित है। पंडित देवकीनन्दन महाराज की रासलीला पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। राष्ट्रसंत मुरारीबापू का आज आगमन रावतपुरा धाम में हुआ इस अवसर पर उनके भक्तजनों ने उनकी भव्य अगवानी की।
मुरारीबापू आज सायं रावतपुराधाम पधारे इस अवसर पर रावतपुरा धाम के मुख्य द्वार पर वैदिक शिक्षा ले रहे शिक्षार्थियों ने वेदमंत्रों के साथ संत मुरारी बापू का स्वागत किया। संत मुरारी बापू परिसर स्थित रावतपुरा हनुमान जी एवं रामदरबार के दर्शन किए।
रावतपुराधाम में करीब चार सौ होर्डिंग लगे
लोककल्याण ट्रस्ट (रावतपुराधाम) द्वारा रावतपुरा धाम परिसर में करीब विभिन्न संत महात्माओं एवं समाज सुधारकों के चार सौ होर्डिंग लगाये गए जिसमें मुख्य रूप से गोस्वामी तुलसीदास, संत मीराबाई, संत सूरदास जी महाराज, स्वामी विवेकानन्द, अरविन्दो, संत गाडसे, संत 1008 देवराह बाबा, भक्त प्रहलाद, संत गोरखनाथ जी महाराज, देवी अहिल्याबाई, संत गजानन जी महाराज, संत धूनी वाले दादाजी, 1008 सुन्दरनाथ जी महाराज बर्द्रीनाथ, संत श्री गोराकुमार शामिल हैं इन होर्डिंगों में उनके जीवन वृत को विस्तार से बताया गया है। रावतपुराधाम में आने वाले भक्तगणों में इन होर्डिंग को लेकर काफी उत्साह है।
भव्य कलश यात्रा आज
इससे पहले 21 दिसम्बर के दोपहर 1 बजे के करीब 1001 महिलायेंं पुष्पकरणीय कुंड से गोविन्दा मंडपम तक कलश् लेकर शोभायात्रा निकालेंगी।
बापू की रामकथा के लिए रावतपुरा धाम में विशाल पंडाल का निर्माण किया गया है जिसमें बीस हजार श्रद्धालु बैठ सकते हैं। जर्मन हैंगर से निर्मित यह पंडाल वाटर प्रूफ है यह करीब दो एकड में फैला है बापू के लिए एक विशल व्यासपीठ बनायी गयी है पूरे पंडाल में मैटिंग की व्यवस्था की गई है साथ ही सोफा एवं कुर्सियों की व्यवस्था की गई है पंडाल में सीसीटीवी एवं एलईडी टी.वी. लगाया गया है जिससे श्रद्धालु कथा का पूरा आनन्द ले सकें पूरा पंडाल दो एकड क्षेत्र में फैला है। अन्न क्षेत्र में प्रतिदिन भंडारा होगा रावतपुरा धाम में रामकथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई है। जिसमें प्रतिदिन बीस हजार श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
200 देशें में होगा रामकथा का सीधा प्रसारण
राष्ट्र संत मुरारीबापू की रामकथा का सीधा प्रसारण आस्था चौनल पर होगा दुनिया के 200 देशों के लोग घर बैठे ही बापू की रामकथा का आनन्द लेंगे।
बाहर से पांच हजार भक्तगण पधारेंगे रावतपुराधाम में
राष्ट्रीय संत मुरारीबापू की रामकथा के लिए बाहर से लगभग पांच हजार श्रद्धालु रावतपुरा धाम में पहुंचेगे। इनके रहने के लिए जल व्यवस्था, स्विस कोटेज पूरी तरह तैयार है रावतपुरा धाम में रामकथा के दौरान मेला लगेगा। बच्चों के लिए झूले आदि की व्यवस्था एवं महिलाओं बहनों के लिए दुकानें सजेंगी। कथा स्थल पर पेयजल टॉयलेटों एवं पार्किंग की समूचित व्यवस्था की गई है आयोजन समिति का कार्यालय 24 घण्टे खुला रहेगा। व्यवस्था संभालने के लिए रावतपुरा धाम के 500 से अधिक कार्यसेवक पूरे समय व्यवस्था में लगे रहेंगे। राष्ट्रीय संत श्री मुरारीबापू की कथा को सुनने के लिए आज से ही भक्तगणों का आगमन रावतपुरा धाम में शुरू हो गया है।
कमलनाथ, योगी आदित्यनाथ एवं भूपेश बघेल भी आयेंगे रामकथा में
मध्यप्रदेष के मुख्यमंत्री कमलनाथ उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भी रावतपुरा धाम में आने की स्वीकृति मिल गई है।
श्री रामार्चन यज्ञ 31 को
रावतपुरा धाम से मिली जानकारी के अनुसार कथा की समाप्ति के बाद 31 दिसम्बर 2019 को श्री रामार्चन यज्ञ प्रातः 10 बजे आरम्भ होगा। और उसकी पूर्णा आहुति सायं 5 बजे सम्पन्न होगी।
महाभण्डारा 1 जनवरी को
महाभंडारा 1 जनवरी को 2020 को होगा जिसमें दो लाख श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।