कच्छ: गुजरात (Gujarat) के कच्छ के जखौ समुद्री सीमा से भारत में घुसी एक पाकिस्तानी नाव पकड़ी गई है. नाव से करीब 35 किलो ड्रग्स भी बरामद की गई है. जानकारी के मुताबिक नाव जमजम से बरामद की गई ड्रग्स की इंटरनेशनल मार्केट में कीमत 175 करोड़ रुपए है. गुजरात एटीएस और कॉस्टगार्ड (ICG) के इस जॉइंट ऑपरेशन में 5 पाकिस्तानी नागरिक भी गिरफ्तार किए गए हैं जिनसे पूछताछ जारी है.
गुजरात एटीएस के एक अधिकारी ने बताया कि हमें विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि ड्रग्स की एक खेप समुद्री मार्ग से गुजरात में स्मगल करने के लिए लाई जा रही है. इसके बाद सूत्रों से पता चला कि ड्रग्स की यह खेप पाकिस्तान से मछली पकड़ने वाले एक नाव में भेजी जा रही है.
अधिकारी ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद एटीएस अधिकारियों ने भारतीय तटरक्षक बल से संपर्क किया और तस्करों को पकड़ने और नाव को जब्त करने के लिए एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया.