भोपाल। शिवराज सिंह चौहान एकबार पुनः मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में से एक नरोत्तम मिश्रा ने विधायक दल की बैठक से पूर्व पत्रकारों से बातचीत में कहा है कि राजभवन में आयोजित समारोह में केवल मुख्यमंत्री पद की शपथ ली जाएगी। मंत्रिमंडल का फैसला बाद में होगा। आज शिवराज सिंह चौहान के साथ कोई भी मंत्री शपथ नहीं लेगा। यह शपथ ग्रहण रात्रि 9 बजे राजभवन में होगा।
उधर भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श जेपी नड्डा ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह को मध्य प्रदेश भाजपा विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश के प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मध्य प्रदेश भाजपा विधायक दल की बैठक को संचालित करेंगे। समाचार लिखे जाने तक बैठक प्रारंभ हो चुकी थी।