कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार ने सोमवार (17 अगस्त) को बताया कि बारामूला में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का कमांडर सज्जाद उर्फ हैदर मारा गया है। कुमार ने कहा, “बारामुला इनकाउंटर में एलईटी का टॉप कमांडर सज्जाद को ढेर कर दिया गया है। यह पुलिस और सुरक्षाबलों के लिए बड़ी कामयाबी है।” वहीं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने कहा कि अब तक सुरक्षाबलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया है और एक एके रायफल व दो पिस्टल जब्त किए हैं। तीसरे आतंकी की तलाश जारी है।
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सोमवार (17 अगस्त) को एक आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ और पुलिस के तीन जवानों के शहीद होने की घटना के कुछ घंटे बाद यहां सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने एक नाके पर सोमवार सुबह सुरक्षा बल के एक दल पर हमला कर दिया था, जिसके बाद उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के करीरी इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच यह मुठभेड़ हुई।