Homeदेशएक सितंबर से अनलॉक 4 की शुरुआत,स्कूल खोलने पर असमंजस के हालात

एक सितंबर से अनलॉक 4 की शुरुआत,स्कूल खोलने पर असमंजस के हालात

देश में एक सितंबर से अनलॉक 4 की शुरुआत के बाद से स्कूल और कॉलेज खोले जाने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि सरकार की ओर से स्कूल और कॉलेज खोले जाने को लेकर अब तक कोई निर्देश नहीं दिए गए हैं। महामारी के चलते मार्च से ही देश में एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन बंद हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा कि देश में जो भी गतिविधियां शुरू की जा रही हैं, उसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय एसओपी जारी करती है। जब भी फैसला होगा, इसे लेकर एसओपी जारी किया जाएगा।

हालात सुधरने के बाद ही हो फैसला

देशभर के स्कूलों और अभिभावकों ने राज्य सरकारों के जरिए केंद्र को भेजे फीडबैक में कहा है कि स्कूल खोलने का फैसला स्थिति सामान्य होने के बाद ही लिया जाए। बच्चों की सेहत और जीवन को लेकर किसी भी तरह का समझौता करने या हड़बड़ी करने की जरूरत नहीं है। इसलिए स्कूल खोलने पर फैसला आने की फिलहाल कोई संभावना नहीं है।

रिकवर मामले ज्यादा
राजेश भूषण ने कहा- आज देश में रिकवर मामले एक्टिव केस की तुलना में 3.4 गुना ज्यादा हैं। एक्टिव केस कुल मामलों का केवल 22.2% हैं। रिकवरी दर अब 75% से ज्यादा है। 24 घंटों में एक्टिव मामलों में 6423 की गिरावट दर्ज हुई है। कुल एक्टिव मामलों में से कुल 2.70% मामले ही ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। एक्टिव मामलों में से 1.92% मरीज ही आईसीयू में है और 0.29% वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।

कुल मौतों में 69% पुरुष
स्वास्थ्य सचिव ने कहा- अभी तक कोरोना की वजह से कुल 58,390 मौतें हुई हैं। इनमें से 69% पुरुष और 31% महलाएं हैं। 36% 45-60 आयु के और 51% 60 और उससे ऊपर की आयु वर्ग वाले लोग हैं। साथ ही कहा- जहां तक ​​स्पुतनिक-5 वैक्सीन (रूस में विकसित कोविड-19 वैक्सीन) का संबंध है, भारत और रूस बात कर रहे हैं। कुछ जानकारी साझा की गई है।

एक दिन में अब 10 लाख टेस्ट: आईसीएमआर
आईसीएमआर के महानिदेशक प्रोफेसर डॉ. बलराम भार्गव ने कहा- 30 जनवरी 10 टेस्ट प्रति दिन, 15 मार्च 1000 टेस्ट प्रति दिन, 15 मई 95000 टेस्ट और 21 अगस्त को हम 10 लाख टेस्ट प्रति दिन के लैंडमार्क पर पहुंच गए हैं। युवा या बुजुर्ग लोग बल्कि गैर-जिम्मेदार, कम सतर्क लोग जो मास्क नहीं पहन रहे हैं, भारत में महामारी को बढ़ा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments