कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड की यात्रा पर हैं. इस दौरान राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान पर असहमति जताई. राहुल ने कहा कि कोई भी महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार नहीं कर सकता है. उधर यह आपत्तिजनक बयान देने वाले कमलनाथ से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने इसे राहुल की व्यक्तिगत राय बताते हुए माफी मानने से इंकार कर दिया। मध्य प्रदेश की कैबिनेट मंत्री इमरती देवी को ‘आइटम’ कहने पर वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मुझे व्यक्तिगत रूप से भाषा पसंद नहीं है. मैं इसकी सराहना नहीं करता हूं. जिस तरह से हम महिलाओं के साथ व्यवहार करते हैं, उसे सुधारने की जरूरत है. हमारी महिलाएं हमारी शान हैं. मैं ऐसी भाषा की सराहना नहीं करता हूं.
तीन दिन की वायनाड यात्रा पर पहुंच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के निशाने पर केंद्र की मोदी सरकार है. राहुल गांधी ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण दुनिया सबसे बुरे दौर से गुजर रही है. यह बुरा समय है और हमने केंद्र से अपील की थी कि गरीबों की मदद की जाए.