Homeदेशदेशभर में हर्षोल्लास के साथ मनी दीपावली, मध्यप्रदेश में जमकर हुई आतिशबाजी

देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनी दीपावली, मध्यप्रदेश में जमकर हुई आतिशबाजी

देश में शनिवार कोविड-19 पाबंदियों और विभिन्न राज्यों में पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध के बीच शनिवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ दिवाली मनाई गई। इस दौरान लोगों ने पूजा-अर्चना की और मिठाइयों का आदान-प्रदान किया। कोविड-19 के चलते अधिकतर लोगों ने संदेशों के जरिये ही एक दूसरे को दीपावली की बधाई दी। इसके अलावा लोग सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए मंदिर भी गए।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं दीं। कोविंद ने अपने संदेश में कहा, ”प्रसन्नता और प्रकाश का यह भव्य त्योहार हमारे देश के प्रत्येक घर में खुशियां, शांति और समृद्धि लाए। वेंकैया नायडू ने आशा व्यक्त की कि प्रकाश का यह त्योहार सुख, समृद्धि और शांति लेकर आए।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ”सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक मंगलकामनाएं। यह त्योहार आपके जीवन में और अधिक प्रसन्नता और खुशहाली लाए। सभी लोग समृद्ध और स्वस्थ रहें। मोदी ने बीते वर्षों की तरह इस बार भी सैनिकों के साथ दिवाली मनाई। वह राजस्थान के लोंगेवाला गए और सैनिकों की वीरता का प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत देश के वीर सैनिकों को इसकी सीमाओं की रक्षा करने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा, ”आज दुनिया जान गई है कि हम अपने हितों से किसी भी कीमत पर रत्तीभर भी समझौता नहीं करेंगे।”

मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री की पहल पर पटाखे फोड़ने पर कोई रोक नहीं लगाई गई थी केवल चीनी पटाखे प्रतिबंधित थे। लोगों ने देर रात तक आतिशबाजी की और जमकर खुशी मनाई बावजूद इसके कोरोना महामारी का असर भी दिखाई दिया बीते साल के मुकाबले बाजारों में रौनक कम रही।

उत्तर प्रदेश में दीपावली कोविड-19 के कड़े प्रोटोकॉल के बीच हर्ष और उल्लास के साथ मनाई गई। दीपावली पर लोगों ने शाम को शुभ मुहूर्त में भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी की पूजा की और दीए जलाए तथा अन्य तरीकों से रोशनी की। अनेक इमारतें झालरों की रोशनी से जगमगाती नजर आई।

हालांकि प्रदूषण के कारण राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध की वजह से पटाखे फोड़ने का सिलसिला कम रहा। पिछले वर्षों के विपरीत इस बार बाजारों में वह रौनक नहीं दिखी और कोविड-19 महामारी के मद्देनजर लोगों ने बाजारों जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से परहेज किया।

वहीं अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर, हिंदू संवत 2077 के प्रथम दिन शनिवार को आयोजित विशेष मुहूर्त कारोबारी सत्र के दौरान घरेलू शेयर बाजारों ने रिकॉर्ड ऊंचाई को छुआ। मुहूर्त कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 194.98 अंक या 0.45 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 43,637.98 अंक पर बंद हुआ। मुहूर्त कारोबार के दौरान यह अब तक की सर्वाधिक ऊंचाई 43,830.93 तक पहुंच गया था।

इसी तरह एनएसई निफ्टी 60.30 अंक या 0.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ अब तक से सबसे ऊंचे स्तर 12,780.25 पर बंद हुआ। मुहूर्त कारोबार के दौरान निफ्टी ने 12,828.70 के रिकॉर्ड स्तर को छुआ। अमृतर में स्वर्ण मंदिर विशेष लाइट और पारंपरिक दियों से जगमग दिखा। मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखी, जिन्होंने सरोवर में पवित्र स्नान किया और गर्भगृह में पूजा-अर्चना की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments