देश में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 8,579 केस आए, 13,443 मरीज ठीक हुए और 94 मरीजों की मौत हो गई। जान गंवाने वालों का यह आंकड़ा बीते 271 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 6 मई को 96 संक्रमितों ने दम तोड़ा था। राहत है कि बीते 24 घंटे में 12 राज्य और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में इस महामारी से किसी की मौत नहीं हुई। सबसे ज्यादा 27 मौत महाराष्ट्र और इसके बाद 17 केरल में हुईं। ये ही दो राज्य ऐसे रहे जहां 10 से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई।
देश में अब तक कोरोना के 1.07 करोड़ केस आ चुके हैं। इनमें से 1.04 करोड़ मरीज ठीक हो चुके हैं। 1.54 लाख संक्रमितों की मौत हुई है, जबकि 1.60 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
मौतों के मामले में दुनिया में 18वें नंबर पर पहुंचा
भारत अब हर दिन कोरोना से होने वाली मौतों के मामले में दुनिया में 18वें नंबर पर पहुंच गया है। अभी सबसे ज्यादा मौतें अमेरिका, जर्मनी, ब्राजील, मैक्सिको, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन जैसे देशों में हो रहीं हैं। भारत में संक्रमण फिलहाल अन्य बड़े देशों के मुकाबले काफी काबू है। यहां हर दिन 8 से 15 हजार के बीच केस मिल रहे हैं, जबकि अमेरिका, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन में 20 हजार से 1.25 लाख तक नए मरीजों की पहचान हो रही है।
मध्यप्रदेश की बात करें तो यहां सोमवार को 151 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 260 मरीज ठीक हुए और 2 की मौत हो गई। अब तक 2.55 लाख केस आ चुके हैं। इनमें 2.48 लाख संक्रमित ठीक हो चुके हैं, जबकि 3,812 मरीजों ने जान गंवाई है। अभी 2,554 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।