कोलकाता /मध्य प्रदेश के गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। भाजपा नेता का अंडाल एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया है। वहीं इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारा अन्नदाता सशक्तिकरण की दिशा में आगें बढे इसके लिए हमारी सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में टीएमसी राज्य से साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘अगर कोई सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है तो वह नरेंद्र मोदी जी की मजबूत इरादों वाली सरकार है, मोदी सरकार के रूप में पहली बार कोई सरकार किसानों के सशक्तिकरण के लिए इस तरह दिन रात काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अन्नदाता की आय दुगुनी करने, फसलों का सही मूल्य दिलाने, कृषि को तकनीकी से जोड़ने के लिए निर्णायक कदम उठा रहे हैं।’
बता दें कि उन्होंने बंगाल के विष्णुपुर लोकसभा के अन्तर्गत आने वाली बरजोरा विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के एक मुट्ठी अन्न का संग्रह अभियान कार्यक्रम को आगें बढ़ाया। बता दें कि वह दो दिवसीय पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं।
उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ‘2016 के विधानसभा चुनाव से बीजेपी का पश्चिम बंगाल में उदय हो रहा है और कांग्रेस व कम्युनिस्ट पार्टियां अस्ताचल की ओर है।’ उन्होंने लोकसभा चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि ‘किसी को यह उम्मीद नहीं थी कि बीजेपी को लोकसभा चुनावों में इतनी सीट मिलेंगी। लेकिन इतनी व्यापक सफलता ने यह बता दिया कि मोदी-शाह का जादू देश भर में चल रहा है और लोकसभा में हाफ हुई तृणमूल कांग्रेस इस विधानसभा चुनाव में साफ हो जाएगी।’ उन्होंने कहा कि ‘कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि कश्मीर से धारा 370 हटेगा, पाकिस्तान में घुसकर हिंदुस्तान सर्जिकल स्ट्राइक कर पाएगा, राम मंदिर का निर्माण हो पाएगा। अंतरराष्ट्रीय छवि के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन सभी सपनों को साकार कर के दिखाया है।’
उन्होंने पश्चिम बंगाल की बदहाली के लिए ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि ‘आज जिस स्थिति में बंगाल पहुंचा है, उसके लिए सिर्फ तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं और आने वाले विधानसभा चुनाव में एक नए भविष्य के उदय के लिए बीजेपी को जिताने का जनता मन बना चुकी है।’