प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह विशेष विमान से मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक नगर ग्वालियर पहुंचे विमानतल पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह महापौर विवेक शेजवलकर सहित अनेक नेताओं ने उनकी अगवानी की। प्रधानमंत्री यहां से बी एस एफ हेडक्वाटर टेकनपुर रवाना हुए जहां डी जी कॉन्फ्रेंस में देश की सुरक्षा सहित अहम मुद्दों पर चर्चा प्रारंभ हो चुकी है।
बीएसएफ अकादमी टेकनपुर में पुलिस डीजी कॉन्फ्रेंस में देश के टॉप पुलिस अफसर 3 दिन आंतरिक सुरक्षा से लेकर पुलिस रिफॉर्म पर चर्चा करेंगे। रविवार को इस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए पीएम ग्वालियर आकर टेकनपुर गए। पीएम मोदी पुलिस रिफॉर्म पर सरकार के उपायों को सामने रख सकते हैं।
टेकनपुर में पुलिस डीजी कॉन्फ्रेंस के लिए राज्यों के पुलिस प्रमुख शुक्रवार को ही ग्वालियर आ गए। गृह मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को टेकनपुर पहुंचे और कॉन्फ्रेंस की शुरुआत की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी दो दिन रुककर टॉप पुलिस अफसरों के साथ बैठकर मंथन करेंगे। देश की आंतरिक सुरक्षा से लेकर ह्यूमन ट्रैफिकिंग, साइबर आतंकवाद, सोशल मीडिया का समाज पर प्रभाव, क्रॉस बॉर्डर टेरोरिज्म सहित सभी राज्यों के पुलिस प्रमुख और केन्द्र सरकार के पुलिस अफसर टेकनपुर में चर्चा करेंगे।
इस डीजी कॉन्फ्रेंस में पूरे देश से करीब 250 अफसर शामिल होंगे। इस मीटिंग में होम मिनिस्ट्री पूरे देश में आतंकी गतिविधियों पर रोक लगाने के बारे में प्रजेंटेशन देगी, वहीं पीएम मोदी पुलिस रिफॉर्म पर सरकार के उपायों को सामने रख सकते हैं। उल्लेखनीय है कि 2016 की डीजी कॉन्फ्रेंस हैदराबाद में हुई थी। इसके बाद अब ग्वालियर के पास बीएसएफ अकादमी टेकनपुर को इस कॉन्फ्रेंस का आयोजित करने का मौका मिला है।