उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मजबूत चुनौती पेश करने की कोशिश कर रही कांग्रेस ने रविवार को वाराणसी में बड़ी रैली की जिसमें पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई अन्य नेताओं ने ‘जय माता दी’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ राज्य में परिवर्तन का आह्वान किया। वहीं, वाराणसी के रोहनियां में आयोजित कांग्रेस की ‘किसान न्याय रैली’ की शुरुआत मंत्रोचार, शंखनाद, हर-हर महादेव के साथ कुरान की आयात और गुरबाणी से हुई।
लखीमपुर खीरी हिंसा के बाद पूर्वांचल में हुई कांग्रेस की पहली बड़ी जनसभा को संबोधित करने से पहले पार्टी महासचिव प्रियंका ने बाबा विश्वनाथ मंदिर और मां दुर्गा मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। प्रियंका के रैली स्थल पर पहुंचने के बाद कार्यक्रम के विधिवत शुरुआत पर सबसे पहले मंत्रोचार और शंखनाद किया गया। इसके बाद प्रियंका समेत मंच पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने ‘हर-हर महादेव’ का नारा लगाया। इसके बाद जनसभा में कुरान की आयत और गुरबाणी का पाठ भी किया गया।
इस रैली पर लखीमपुर खीरी की घटना की स्पष्ट छाप देखने को मिली। लगभग सभी वक्ताओं ने इस घटना का उल्लेख किया और मुख्य मंच के सामने एक बड़ा बैनर लगाया था जिस पर (केन्द्रीय मंत्री) ‘अजय कुमार मिश्रा को बर्खास्त करो’ लिखा हुआ था। लखीमपुर खीरी हिंसा मामले के पीड़ित परिवारों से मिलने जाते समय हिरासत में लिए जाने और करीब दो दिन तक पुलिस की अभिरक्षा में रहने के बाद प्रियंका की उत्तर प्रदेश में यह पहली जनसभा थी। राहुल गांधी, प्रियंका सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने हिंसा पीड़ित परिवारों से मुलाकात की थी।