नई दिल्ली /जम्मू कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान भारतीय सेना में जेसीओ (जूनियर कमीशंड ऑफिसर) और चार सैनिक शहीद हुए हैं. सुबह से राजौरी सेक्टर के पीर पंजाल रेंज में हुई मुठभेड़ में जेसीओ सहित चार जवानों ने शहादत दी है. ये जाबांज आतंकियों से मुठभेड़ कर रहे थे.
बता दें कि आज सुबह से ही जम्मू कश्मीर की कई जगहों पर आतंकियों से भारतीय सैनिकों की मुठभेड़ चल रही थी. अनंतनाग और बांदीपुरा में भी मुठभेड़ हुई. अनंतनाग जिले के वेरिनाग इलाके के खागुंड में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था. आतंकवादियों के सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करने से अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया. सुरक्षाबलों ने भी गोलीबारी का माकूल जवाब दिया. और आतंकी को मार गिराया.
जबकि दूसरी मुठभेड़ बांदीपुरा जिले के हाजिन इलाके के गुंडजहांगीर में हुई, जहां लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकवादी मारा गया. कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया, मारे गए आतंकवादी की पहचान प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (टीआरएफ) के इम्तियाज अहमद डार के रूप में हुई है. वह शाहगुंड बांदीपुरा में हाल में हुई एक नागरिक की हत्या में शामिल था.’ आज दो आतंकी मारे गए हैं.