ग्वालियर / मौजूदा खरीफ मौसम में जिन किसानों ने धान की रोपाई की है, उनके लिए विशेष खुशखबरी है। जिले के प्रभारी मंत्री एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने धान की सिंचाई के लिए हरसी हाईलेवल नहर खोलने के आदेश मुख्य अभियंता जल संसाधन को दिए हैं। हरसी हाईलेवल नहर खुलने से भितरवार, डबरा व चीनौर क्षेत्र के लगभग 45 गाँवों के किसान लाभान्वित होंगे।
मंगलवार को ग्वालियर प्रवास पर आए प्रभारी मंत्री श्री सिलावट से भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री कौशल शर्मा एवं श्री मोहन सिंह राठौर के नेतृत्व में किसानों ने भेंट कर हरसी हाईलेवल नहर खुलवाने की मांग की थी। प्रभारी मंत्री ने किसानों की इस जायज मांग को स्वीकार कर मौके पर मौजूद मुख्य अभियंता जल संसाधन श्री आर पी झा को आज से ही हरसी हाईलेवल नहर खोलने के निर्देश दिए।
कार्यपालन यंत्री हरसी हाईलेवल श्री आशुतोष भगत ने बताया कि हरसी हाईलेवल नहर खुलने से खासतौर पर उन किसानों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्होंने देर से धान की रोपाई की है। उन्होंने बताया कि नहर खुलने से भितरवार व चीनौर से लेकर जौरासी तक के किसानों के धान की सिंचाई हो सकेगी। श्री भगत ने बताया कि एक हफ्ते तक हरसी हाईलेवल नहर खुली रहेंगीं।