वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से कभी न हारने का भारत का रिकॉर्ड रविवार को दुबई में आकर टूट गया। पाकिस्तान ने केवल अपने तीन ही खिलाड़ियों-शाहीन शाह अफरीदी, बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान के शानदार प्रदर्शन के दम पर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 के अपने पहले मैच में भारत को 10 विकेटों से शर्मनाक हार थमा दी। भारत और पाकिस्तान के बीच इस महामुकाबले को लेकर दोनों टीमों पर काफी दबाव था। भारत के ऊपर वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 13-0 का रिकॉर्ड बनाने का दबाव था जबकि पाकिस्तान के पास खोने के लिए कुछ नहीं था। लेकिन पाकिस्तान ने भारत को हराकर यह रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस हार के बाद जहां भारतीय ड्रेसिंग रूम में निराशा का माहौल था तो वहीं फैन्स भी काफी निराश थे। फैन्स इसलिए भी ज्यादा निराश है क्योंकि उनका मानना है कि राहुल को अंपायर की गलती के कारण आउट दिया गया।
इस मुकाबले में भारतीय पारी के दौरान अंपायर ने उस समय एक बड़ी भूल कर दी, जब टीम राहुल पारी के तीसरे ओवर की पहली गेंद पर अफरीदी के खिलाफ बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने आठ गेंद में तीन रन बनाए। हालांकि बाद में साफ दिख रहा था कि जिस गेंद पर राहुल बोल्ड हुए वो नो बॉल थी। आजकल क्रिकेट में नो बॉल देखने की जिम्मेदारी थर्ड अंपायर की होती है, इस मुकाबले में वो भी बड़ी चूक कर बैठे और राहुल को पवेलियन वापस लौट गए।
इसके बाद इस विकेट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने लगी। फैन्स ने इसे सोशल मीडिया पर अंपायर की जमकर क्लास लगानी शुरू कर दी। फैन्स ने कमेंट करके पूछा कि क्या अंपायर सो रहा था जो उसे नो बॉल दिखाई नहीं दी। कुछ फैन्स ने तो अंपायर को भला बुरा भी कहना शुरू कर दिया। भारत को टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार 10 विकेट से हार झेलनी पड़ी जबकि पाकिस्तान टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार 10 विकेट से कोई मैच जीतने में सफल रहा। अफरीदी ने इस मुकाबले में 31 रन देकर भारत के टॉप तीन खिलाड़ियों को आउट किया। इनमें रोहित शर्मा, केएल राहुल और कप्तान विराट कोहली के विकेट शामिल रहे।