Homeउत्तरप्रदेशउत्तरप्रदेश चुनाव : देश की टॉप सात एजेंसियों की सर्वे रिपोर्टस औसत...

उत्तरप्रदेश चुनाव : देश की टॉप सात एजेंसियों की सर्वे रिपोर्टस औसत में एकबार फिर योगी सरकार

उत्तर प्रदेश में चुनाव पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि माना जाता है कि दिल्ली की सत्ता की राहें लखनऊ से होकर ही गुजरती हैं। यूपी चुनाव को लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल भी कहा जाता है। यूपी में सात चरणों में मतदान के बाद 10 मार्च को नतीजे घोषित होंगे। इस बीच, सात एजेंसियों ने सर्वे किया है। इनमें से छह ने जहां एक बार फिर बीजेपी सरकार की भविष्यवाणी की है तो वहीं एक एजेंसी का दावा है कि इस बार अखिलेश के नेतृत्व में सपा की सरकार बनने जा रही है। आइए सभी एजेंसियों की भविष्यवाणी और फिर पोल्स ऑफ पोल्स के नतीजे देखते हैं।

क्या कहता है सीवोटर का ओपिनियन पोल
सीवोटर के ताजा ओपिनियन पोल में दावा किया गया है कि यूपी में एक बार फिर युगी सरकार बनने जा रही है। बीजेपी को 223-235 सीटें मिल सकती हैं। वहीं सपा को 145-157 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। एजेंसी के मुताबिक, बीएसपी को 8-16 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है तो कांग्रेस के हाथ सिर्फ 3-7 सीटें आने के अनुमान लगाया गया है।

इंडिया टीवी के सर्वे में भी बीजेपी की जीत
इंडिया टीवी की ओर से प्रसारित किए गए सर्वे में कहा गया है कि बीजेपी को 230-235 सीटें मिल सकती हैं। सपा 160-165 सीटों पर कब्जा कर सकती है। बीएसपी को महज 2-5 सीटें मिलने की बात कही गई है तो कांग्रेस 3-7 सीटों पर सिमट सकती है।

रिपब्लिक-पी मार्क के सर्वे में किसे कितनी सीटें?
रिपब्लिक टीवी और पी मार्क की ओर से सोमवार को प्रसारित सर्वे के मुताबिक, बीजेपी को 252-272 सीटें मिल सकती हैं तो सपा 111-131 सीटें जीत सकती है। बीएसपी को 8-16 सीट मिलने की संभावना जताई गई है तो कांग्रेस को सबसे कम 3-9 सीटें मिल सकती हैं।

पोलस्टार न्यूज एक्स का सर्वे
पोलस्टार न्यूज एक्स के ओपिनियन पोल के मुताबिक, बीजेपी को यूपी विधानसभा चुनाव में 235-245 सीटों पर जीत मिल सकती है। सपा को 120-130 सीटें मिल सकती हैं। बसपा 13-16 सीटें जीत सकती है तो कांग्रेस को 4-5 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है।

डीबी लाइव के सर्वे में सपा की जीत का दावा
डीबी लाइव के ओपिनियन पोल के नतीजे बताते हैं कि इस बार यूपी में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बन सकती है। सपा को 203-211 सीटें मिल सकती हैं। वहीं भाजपा को 144-152 सीटें लेकर विपक्ष में बैठना पड़ सकता है। बीएसपी को 12-20 सीटें मिलने का दावा किया गया है तो वहीं कांग्रेस को भी 19-27 सीटें मिल सकती हैं। दूसरी एजेंसियों के मुकाबले डीबी लाइव के सर्वे में एसपी, बीएसपी और कांग्रेस को सबसे अधिक और भाजपा को सबसे कम सीटें दी गई हैं।

टाइम्स नाउ वीटो का सर्वे
टाइम्स नाउ वीटो के सर्वे के मुताबिक, बीजेपी को यूपी में स्पष्ट बहुमत मिलेगा। बीजेपी 240 सीटों पर कब्जा कर सकती है तो सपा को 143 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई है। बीएसपी को 10 और कांग्रेस को 8 सीटें मिलने का दावा किया गया है।

इंडिया न्यूज-जन की बात का ओपिनियन पोल
इंडिया न्यूज और जन की बात की ओर से किए गए ओपिनियन पोल के आंकड़े बताते हैं कि बीजेपी को 226-246 सीटों पर जीत मिल सकती है। सपा 144-160 सीटें जीत सकती है। बीएसपी को 8-12 सीटें मिलेंगी तो कांग्रेस को महज 0-1 सीट मिल सकती है।

क्या कहता है पोल्स ऑफ पोल्स
यदि इन सात एजेंसियों के सर्वे का औसत निकालने पर जो नतीजा सामने आता है, उसके मुताबिक योगी एक बार फिर यूपी के सीएम बनने जा रहे हैं। बीजेपी 221-231 सीटें जीत सकती है। एसपी को 147-157 सीटें मिल सकती हैं। बीएसपी 7-13 सीटें जीत सकती है तो कांग्रेस को 5-9 सीटों के साथ संतोष करना पड़ सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments