ग्वालियर 12 मार्च 2022/ शहर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने के लिए नगर निगम ग्वालियर द्वारा आज शनिवार को वार्ड स्तर पर स्वच्छता संकल्प महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसका मुख्य कार्यक्रम महाराज बाड़े पर आयोजित किया गया इसके पश्चात सभी वार्डों में पूर्व निर्धारित मुख्य अतिथि के नेतृत्व में स्वच्छता संकल्प महोत्सव का आयोजन किया गया।
वार्ड वार आयोजित स्वच्छता संकल्प महोत्सव के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वार्ड 58 के विभिन्न क्षेत्रों में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश आम नागरिकों को दिया इसके साथ ही क्षेत्र मे जागरूकता रैली निकालकर आम जनों को स्वच्छता का संदेश दिया तथा कॉलोनी में घर घर जाकर नागरिकों से स्वच्छता में सहभागिता की अपील की और अपने मोबाइल के माध्यम से स्वच्छता का सिटीजन फीडबैक जरूर देने का आग्रह किया। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने इस मौके पर स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता में भागीदार बनने के लिये भी प्रेरित किया। उनके साथ पूर्व मंत्री श्रीमती माया सिंह ने भी क्षेत्रवासियों के साथ स्वच्छता का कार्य कर लोगों को प्रेरित किया।
प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने वार्ड 19 के अंतर्गत पिंटू पार्क क्षेत्र में स्वच्छता संकल्प महोत्सव के तहत स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली एवं घर घर जाकर आम जनों को स्वच्छता का संदेश दिया। मंत्री श्री सिलावट ने पिंटो पार्क से टंकी चौराहे तक स्वयं स्वच्छता की और स्वच्छता कर्मियों का सम्मान भी किया। उन्होंने हॉकर्स जोन के सब्जी एवं फल विक्रेताओं को भी अपने दुकान के आस-पास स्वच्छता रखने की सलाह दी। क्षेत्र में सफाई कर रहे कर्मियों के साथ उन्होंने स्वयं भी सहभागिता कर स्वच्छता का अलग संदेश दिया। प्रभारी मंत्री ने नागरिकों से यह भी कहा कि स्वच्छता का कार्य केवल नगर निगम का नहीं है, यह हम सबका मिला-जुला कार्य होना चाहिए। उनके साथ क्षेत्रीय पार्षद श्री बलवीर तोमर ने भी वार्ड के नागरिकों के साथ स्वच्छता में सहभागिता की और घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता का कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने वार्ड क्रमांक 1, 4 एवं 5 में स्वच्छता संकल्प महोत्सव के तहत विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित रैलियों में शामिल होकर आम जनों से स्वच्छता में सहभागिता की अपील की तथा श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इसके साथ ही सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने वार्ड 42 के विभिन्न क्षेत्रों में आम जनों से मिलकर शहर की स्वच्छता के लिए सहभागिता की अपील की तथा विभिन्न घरों में जाकर स्वछता फीडबैक देने का आग्रह किया। श्री शेजवलकर ने वार्ड-42 की विभिन्न गलियों में घर-घर जाकर लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करने की समझाइश दी। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों को अपने घर की तरह ही अपने क्षेत्र में भी सफाई रखने में सहभागिता करने का आग्रह किया।
मध्य प्रदेश बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल जी के नेतृत्व में आज वार्ड 27 में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य जनों ने स्वच्छता रैली निकाल कर आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया स्वच्छता रैली बारादरी चौराहा मुरार से प्रारंभ होकर सदर बाजार मार्केट होते हुए अग्रसेन चौक से होते हुए नगर निगम क्षेत्रीय कार्यालय पर जाकर समापन हुआ। इस मौके पर क्षेत्रीय कार्यालय पर सफाई योद्धाओं का सम्मान किया गया।
कलेक्टर श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह नए बस स्टैंड पर आम जनों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया तथा आसपास के क्षेत्रों में एवं कॉलोनियों में स्वच्छता जागरूकता की रैली निकालकर नागरिकों से स्वच्छता में सहयोग की अपील की। वहीं नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कन्याल ने वार्ड 25 के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता संकल्प महोत्सव के तहत जागरूकता रैली एवं आम जनों से स्वच्छता में सहयोग की अपील की। इसके साथ ही अन्य सभी वार्डों में भी स्वच्छता संकल्प महोत्सव के आयोजन किए गए जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के माध्यम से वार्ड में स्वच्छता रैली निकाली गई एवं आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और प्रत्येक वार्ड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मी का सम्मान अतिथियों द्वारा किया गया।
स्वच्छता महोत्सव में केन्द्रीय मंत्री, मंत्री एवं सांसद सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न वार्डों में की भागीदारी
RELATED ARTICLES