–रमेश शर्मा
भारतीय वाड्मय में किसी भी तीज त्यौहार और परंपराओं का निर्धारण यूँ ही नहीं हुआ है। यह केवल लोकरीति और उत्सव नहीं हैं। प्रत्येक त्यौहार और परंपरा के पीछे आदर्श समाज निर्माण का संदेश है। ऐसा संदेश जो संपूर्ण मानवता ही नहीं प्रकृति के साथ भी समन्वयक बने। यही संदेश गोबर्धन पूजा का है। इस त्यौहार के आयोजन में सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण एवं मानवीय दायित्व बोध का अद्भुत संदेश है।
दीपोत्सव भगवान श्रीराम के लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने का त्यौहार है तो इसी पाँच दिवसीय त्यौहार श्रृंखला में चौथे दिन यह गोबर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित है। गोबर्धन पूजा पाँच दिवसीय उत्सव में लक्ष्मी पूजन के ठीक दूसरे दिन कार्तिक शुक्लपक्ष एकम् को होती है। इस दिन घर की महिलाएँ प्रातःकाल उठकर स्नान आदि करके अपने आँगन के बीचोंबीच गाय के ताजा गोबर से पर्वत के आकार का एक छोटा प्रतीक बनाती हैं प्रतीक बनातीं हैं, उसे सजातीं हैं। फिर दिन में विभिन्न पकवान बनाकर इस प्रतीक की पूजन करती हैं। जबकि परिवार के सभी पुरुष इसी दिन अपने घर में गाय सहित सभी पालतू पशुओं का श्रृंगार करते हैं। पशुओं के श्रृंगार केलिये उनके गले में घंटियों की माला तथा शरीर पर रंग बिरंगी आकृतियाँ भी बनाते हैं। गाय की पूजन होती है और आरती भी उतारी जाती है।
गोवर्धन पूजन से संबंधित
पौराणिक कथा
गोबर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोबर्धन पर्वत उठाने से जुड़ी है। गोवर्धन पूजन से संबंधित कथा लगभग सभी पुराणों में है। फिर भी ब्रह्मवैवर्त पुराण और श्रीमद्भागवत में कथा विस्तार से है। कथाओं के अनुसार समाज में पहले देवराज इन्द्र की पूजा होती थी देवराज इन्द्र को समस्त देवताओं का स्वामी और धरती पर बरसात करने का आदेश देने वाला देवता माना जाता है। बरसात से फसल और जीवन जुड़ा होता है। इसलिये देवराज इन्द्र के पूजन की परंपरा थी। भगवान श्रीकृष्ण ने समाज से इन्द्र देव से पहले पर्वत पूजन करने का आव्हान किया। उनका कहना था कि देवराज इन्द्र वर्षा तो करते हैं लेकिन इस बरसात का संतुलन पर्वत से होता है। पर्वत ही बादलों के समन्वय के साथ प्राणियों को भोजन, संरक्षण एवं मनुष्य को औषधि भी प्रदान करते है। इस प्रकार पर्वत संपूर्ण प्रकृति और समस्त प्राणियों के जीवन रक्षक हैं। अतएव पर्वत की पूजन पहले होनी चाहिए। प्रतीक के रूप में भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत का चयन किया और पूजन आरंभ की। उनके आव्हान पर समस्त ब्रजवासी गोवर्धन पर्वत की पूजन करने लगे। इससे इन्द्र देव कुपित हो गये। उनके आदेश पर वरुणदेव ने ब्रज में भारी वर्षा आरंभ कर दी। बाढ़ आ गई तब भगवान श्रीकृष्ण ने सभी ग्वाल बालों एवं समस्त नागरिकों के साथ मिलकर गोवर्धन पर्वत उठा लिया और पूरा समाज बाढ़ से सुरक्षित हो गया। यह देखकर इन्द्र देव को भी अपनी गल्ती का आभास हुआ। वे स्वयं आये और उन्होंने गोवर्धन पर्वत पूजन को मान्यता दी। इन्द्र देव से मान्यता मिलने के बाद समस्त ब्रज वासियों ने उत्सव मनाया। सभी अपने घर से अपनी सामर्थ्य के अनुसार भोजन बनाकर लाये। इन सभी भोजन की वस्तुओं को मिलाया गया और सबने एक साथ बैठकर भोजन किया। तब से जन मानस में यह गोवर्धन पूजन परंपरा आरंभ हुई।
गोवर्धन पूजन से सामाजिक संदेश
कहने और सुनने में गोबर्धन पर्वत पूजन भले सामान्य लगे लेकिन इसमें समाज जीवन की उन्नति केलिये गहरे संदेश छिपे हैं। गोवर्धन पर्वत पूजन से पर्यावरण की रक्षा का अद्भुत संदेश है। इन्द्र देव का कुपित होकर वर्षा करने से समस्त ब्रज मंडल में बाढ़ आ गई थी। अर्थात प्राणों का संकट उत्पन्न हो गया था। फिर भी समस्त ब्रजवासी गोवर्धन पर्वत की रक्षा पर अडिग रहे। इसका स्पष्ट संदेश है कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा पूरी शक्ति से करना चाहिए। दूसरा संदेश सामाजिक समरसता का है। इन्द्र देव से मान्यता मिलने के बाद समस्त ब्रज मंडल ने गोवर्धन पूजन का उत्सव मनाया। प्रत्येक घर से भोजन की सामग्री आयी। सारी सामग्री को मिलाया। ताकि यह पता ही न चले कि किसके घर से क्या आया। फिर सबने मिलकर भोजन किया। इसमें न किसी जाति का भेद है न किसी वर्ग का, न गरीब का भेद है न अमीर का, न छोटे का भेद है न अमीर का। सबने एक साथ मिल बैठकर भोजन किया। सामाजिक समरसता का ऐसा उदाहरण संसार में कहीं नहीं मिलता। यही भारतीय परंपरा की विशेषता है। कि परस्पर किसी में कोई भेद नहीं। गोवर्धन पर्वत पूजन से यह स्पष्ट संदेश है कि समस्त भारतीय जन एक हैं और समरस हैं।
इसके अतिरिक्त गोवर्धन पर्वत पूजन के माध्यम से भारत के प्रत्येक नागरिक को दायित्व का भी वोध कराया गया है। सबको एकत्र करने का आव्हान पर्वत पूजन का आव्हान और सामूहिक उत्सव मनाने का आव्हान भगवान श्रीकृष्ण ने किया था। ऐसा करके भगवान श्रीकृष्ण ने प्रत्येक नागरिक को उसके दायित्व का भी वोध कराया। जीवन यदि प्रकृति और पर्यावरण से चलता है तो प्रत्येक मनुष्य का दायित्व प्रकृति के संरक्षण का भी है।
सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और सामान्य जन को दायित्व वोध के साथ भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजन के माध्यम से समाज को संकल्पशीलता का भी संदेश दियाहै। संकट कितना भी गंभीर क्यों न हो। यदि धैर्य और संकल्प के साथ सामना किया जाय तो संकट टल जाता है। ब्रज मंडल पर इन्द्रदेव का कोप साधारण नहीं था। भारी वर्षा और बाढ़ से संपूर्ण समाज जीवन अस्त व्यस्त हो गया लेकिन भगवान श्रीकृष्ण के आव्हान पर समस्त ब्रज वासियों ने धैर्यपूर्वक सामना किया और सफलता मिली। नेतृत्व कर्ता की कुशलता और सामूहिक संकल्पशीलता का भी संदेश है गोवर्धन पूजन में।
भारतीय ज्ञान परंपरा की श्रेष्ठता
गोवर्धन पूजन समाज जीवन में आदर्श स्वरूप के संदेश के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा की श्रेष्ठता और वैज्ञानिकता का प्रमाण भी है। आधुनिक विज्ञान के अनुसंधान ने यह प्रमाणित कर दिया है कि वर्षा और बादलों का संतुलन पर्वतों से होता है। बादलों की गति और वर्षा दोनों में पर्वतों की भूमिका होती है। पर्वतों ऊगने वाली प्राकृतिक जड़ी बूटियाँ प्राणीमात्र को आरोग्य देती हैं। पालतू और वन्य प्राणियों का पर्वतों पर विचरण करने में ही आरोग्य का रहस्य है। ग्रामीण क्षेत्र में पशु पालकों द्वारा अपनी गाय आदि पालतू पशुओं को वन और पर्वत पर भेजने की परंपरा रही है। उनके आरोग्य और दीर्घायु होने का रहस्य यही है। आज से हजारों साल पहले भी भारतीय पूर्वज आधुनिक विज्ञान के इस निष्कर्ष को जानते थे कि पर्वतों की सुरक्षा से नदी तालाब तथा अन्य जल स्रोत सुरक्षित रहते हैं। पर्वतीय सुरक्षा ही वनों को सुरक्षा देती है। यदि पर्वत संरक्षित है, सुरक्षित है तो पर्यावरण सुरक्षित होगा, पर्यावरण सुरक्षित है तो समस्त प्राणी जगत के साथ मानवता भी सुरक्षित रहेगी। पर्वत पर पनपने वाली औषधीय वनस्पति मनुष्य को आरोग्य देती है।
भौतिक प्रगति की स्पर्धा में पर्वत और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाकर आधुनिक विज्ञान के शोध कर्ता अब पर्वतों की सुरक्षा का आव्हान कर रहे हैं। इसका ज्ञान भारतीय पूर्वजों को हजारों वर्ष पहले था। दीपावली के उत्सव के साथ गोवर्धन पूजन के माध्यम से पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया है।
भारतीय उत्सव परंपरा में गोवर्धन पूजन को गाय के गौबर से जोड़ा गया है। वे चाहते तो मिट्टी पत्थर का भी पर्वत का प्रतीक बना सकते थे लेकिन उन्होंने गाय के गौबर से पर्वत का प्रतीक बनाया। आधुनिक विज्ञान के अनुसंधान का एक निष्कर्ष यह भी है कि गाय का दूध, गौ मूत्र गौबर आदि में भी औषधीय गुण होते हैं। इसके साथ गौबर का खाद भी कृषि केलिये अत्यंत उपयोगी माना गया है। इसीलिए पूरा संसार अब पशु पालन और जैविक खाद पर जोर दे रहा है। गौबर एवं अन्य अपविष्ट पदार्थ सोलर ऊर्जा आदि का संचालन विज्ञान अब जान पाया है। लेकिन गोवर्धन पूजन परंपरा यह प्रमाणित करती है कि भारतीय चिंतन में यह ज्ञान हजारों साल से हैं। इसीलिए भारत को विश्व गुरु होने का सम्मान मिला हुआ था। यदि भारत पुनः अपने अतीत के गौरव को प्राप्त करना चाहता है तो प्रत्येक भारतीय को अपने पूर्वजों की परंपरा और तीज त्यौहार के महत्व को समझना होगा। और इसी भाव से गोवर्धन पूजन करनी होगी।