वरिष्ठ सदस्य सरदार गुरिंदर सिंह के नेतृत्व में गठित हुई समिति, रेल मंत्री और रेल मंत्रालय के अधिकारियों से करेगी चर्चा
पत्रकारों की मांग को मिली संस्थागत आवाज, रेल किराया रियायत बहाली की दिशा में बढ़ा महत्वपूर्ण कदम
प्रवीण दुबे
ग्वालियर 27 नवम्बर 2026/पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाली का मुद्दा अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। इस मामले में शब्द शक्ति न्यूज़ द्वारा
लगातार उठाई जा रही आवाज और 22 नवम्बर को
रेलवे की मनमानी पत्रकारों,बुजुर्गों की रियायत बंद, सांसदों की बैठकों और मुफ्त यात्राओं पर लाखों-करोड़ों खर्च! शीर्षक से प्रकाशित खबर

रेलवे की मनमानी पत्रकारों,बुजुर्गों की रियायत बंद, सांसदों की बैठकों और मुफ्त यात्राओं पर लाखों-करोड़ों खर्च!
https://shabdshaktinews.in/रेलवे-की-मनमानी-पत्रकारो/
खबर पढ़ने ऊपर लिंक पर क्लिक करें
का असर दिखाई देने लगा है। इस खबर के बाद भारतीय प्रेस परिषद (PCI) ने पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाली के मुद्दे पर विचार-विमर्श और समाधान के प्रयासों के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति का नेतृत्व परिषद के वरिष्ठ सदस्य सरदार गुरिंदर सिंह करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई के निर्देश पर इस समिति का गठन किया गया है। समिति में अरुण कुमार त्रिपाठी और वरिष्ठ पत्रकार डॉक्टर श्रीनिवास राव को भी शामिल किया गया है।
समिति शीघ्र ही रेल मंत्री तथा रेल मंत्रालय के अधिकारियों से बातचीत कर पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाली से जुड़ी समस्या का समाधान निकालने का प्रयास करेगी।
समिति के गठन को पत्रकारों की लंबे समय से चली आ रही मांग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कोरोना काल के दौरान पत्रकारों को मिलने वाली रेल किराया रियायत बंद कर दी गई थी। इसके बाद से ही पत्रकार संगठनों द्वारा इसे पुनः बहाल करने की मांग उठाई जा रही है।
रियायत बंद होने से विशेष रूप से छोटे समाचार पत्रों और सीमित संसाधनों में काम करने वाले पत्रकारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समाचार संकलन और पत्रकारिता से जुड़े कार्यों के लिए यात्रा करना भी महंगा हो गया है।
इस मुद्दे को शब्द शक्ति न्यूज़ के संपादक प्रवीण दुबे ने 22 नवम्बर को प्रकाशित संबंधित खबर में प्रमुखता से उठाते हुए रेल किराया रियायत बहाली की आवश्यकता को रेखांकित किया था। इसके बाद ग्वालियर प्रेस क्लब,स्टेट प्रेस क्लब मध्यप्रदेश सहित विभिन्न पत्रकार संगठनों ने भी इस मांग को आगे बढ़ाया।
शब्द शक्ति न्यूज़ में प्रकाशित जानकारी के आधार पर ग्वालियर प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेश शर्मा, अन्य पदाधिकारियों बृजमोहन शर्मा, सुरेश डंडोतिया, जोगेन्दर सेन, अभिषेक शर्मा,रवि उपाध्याय,राजेश जायसवाल छोटू, जयेश कुमार,सुरेश शर्मा, प्रवीण दुबे, विनय अग्रवाल, विनोद शर्मा, राज दुबे सुनील पाठक तथा स्टेट प्रेस क्लब मध्यप्रदेश के अध्यक्ष प्रवीण खरियाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरशरण सिंह अहलूवालिया और मुख्य महासचिव नवनीत शुक्ला ने पत्रकारों की इस समस्या पर प्रयास किए इसके बाद भारतीय प्रेस परिषद द्वारा समिति गठित की गई ग्वालियर प्रेस क्लब औरस्टेट प्रेस क्लब मध्यप्रदेश ने भारतीय प्रेस परिषद द्वारा समिति गठित किए जाने का स्वागत किया है।उन्होंने भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई, सचिन सुबुद्ध गुप्ता तथा वरिष्ठ सदस्य राजा हुसैन सिद्दीकी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया है कि समिति के प्रयासों से देशभर के पत्रकारों को राहत मिलेगी।
अब निगाहें समिति की पहल पर
समिति के गठन से पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाली की उम्मीद मजबूत हुई है। हालांकि रियायत बहाल करने का अंतिम निर्णय अभी बाकी है, लेकिन भारतीय प्रेस परिषद की ओर से इस विषय पर औपचारिक पहल होना पत्रकार संगठनों के आंदोलन और लगातार उठाई जा रही आवाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।