ग्वालियर / 76वें स्वतंत्रता दिवस पर सीमा सुरक्षा बल अकादमी के रानी लक्ष्मीबाई परेड ग्राउंड में एक भव्य परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री जे एस ऑबराय, वी०एस०एम०, महानिरीक्षक / संयुक्त निदेशक, सीमा सुरक्षा बल, अकादमी टेकनपुर ने अजेय प्रहरी शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परेड स्थल पर ध्वजारोहण के उपरांत परेड की सलामी ली।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में मनाए जा रहे पर्व, आजादी का अमृत महोत्सव के इस सुअवसर पर में अकादमी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, प्रहरियों, प्रशिक्षुओं एवं उनके परिजनों को हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ।आज का दिन प्रत्येक भारतवासी के लिए गौरव का दिन है। आप सभी जानते है की भारत को विकास की और अग्रसर होता देखकर हमारे पड़ोसी देश हमारे देश की सुख-शांति को भंग करने का अकसर प्रयास करते रहे है। परिणाम स्वरूप आज हमारे देश को नक्सलवाद, आंतरिक सुरक्षा, अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तनाव, घुसपैठ जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है।भारत की सीमाओं को सुरक्षित रखने में सीमा सुरक्षा बल की भूमिका अहम एवं महत्वपूर्ण रही है। हमारे सीमा प्रहरियों ने समर्पण की मिसाल कायम कर देश की सीमाओं की रक्षा की है। इसके अलावा बल ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक भूमिका निभाई है। देश के भीतर पनप रहे नक्सलवाद को नियंत्रित करने एवं देशद्रोहियों को समाप्त करने में हमारा बल हमेशा ही अग्रणी रहा है। अपने कर्तव्य का निर्वाह करते हुए हमारे बहुत से वीर प्रहरियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। इस पावन अवसर पर हम सीमा सुरक्षा बल के उन सभी बहादुर जवानों को नमन कर श्रध्दांजलि अर्पित करते है।
स्वतंत्रता दिवस 2022 के उपलक्ष्य में राष्ट्रपति महोदय द्वारा सीमा सुरक्षा बल के 70 अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं कार्मिकों को विभिन्न पुलिस पदक से अलंकृत किया है। जिसमें से अकादमी सीमा सुरक्षा बल, टेकनपुर तथा अधीनस्थ युनिटों/विंगो के 03 कार्मिकों में से 01 को विशिष्ट सेवाओं के लिए, राष्ट्रपति पुलिस पदक (PPMDS) और 02 को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक (PMMS) प्रदान किया गया है।
इन अधिकारियों/ कार्मिकों का संक्षिप्त ब्योरा :-
विशिष्ट सेवाओं के लिए, राष्ट्रपति पुलिस पदक (PPMDS)
1. डा. भूपेन्द्र कुमार मेहता, महानिरीक्षक / (मेडी.) / एम.एस, सयुंक्त चिकित्सालय, टेकनपुर (अब आई.टी.बी.पी में स्थानान्तरित हो चुके हैं)
सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक (PMMS)
1. श्री अजीत कुमार पी., उप महानिरीक्षक, सी.एस.एम.टी, टेकनपुर
2. आरक्षक (सामान्य ड्यूटी) मान सिंह, सीटीएसएस, अकादमी टेकनपुर
मुख्य अतिथि ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को श्रीपंकज कुमार सिंह, भारतीय पुलिस सेवा, महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल की ओर से स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।