Homeप्रमुख खबरेंगर्मी से तमतमाया मध्यप्रदेश रतलाम में 46 के पास पहुंचा पारा,ग्वालियर...

गर्मी से तमतमाया मध्यप्रदेश रतलाम में 46 के पास पहुंचा पारा,ग्वालियर अंचल में भी गर्मी के साथ चली लपट

गर्म हवा के थपेड़ों से प्रदेश में गर्मी के तेवर और तीखे होने लगे हैं। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रतलाम में दर्ज किया गया। रतलाम देश के सबसे गर्म 10 शहरों में दूसरे नंबर पर रहा। ग्वालियर अंचल की बात करें तो यहां भी गर्मी प्रचंडता की ओर अग्रसर है ग्वालियर में आज दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री के ऊपर जा पहुंचा दोपहर में गर्म हवाओं ने गर्मी का जोरदार अहसास कराया मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पारा 44 को पार करने की संभावना है साथ ही लू चलने की बात भी कही गई है।

उधर धार में भी लगातार दूसरे दिन लू चली। अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में 25 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक तापमान में बढ़ोतरी होने का सिलसिला अभी जारी रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। बंगाल की खाड़ी में बने तीव्र चक्रवाती तूफान मोका का भी प्रदेश में कोई प्रभाव नहीं दिख रहा है। इस वजह से मौसम पूरी तरह शुष्क बना है।

उधर राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। इस वजह से राजस्थान की सीमा से लगे जिलों में तपिश लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि रात के समय हवा का रुख उत्तरी होने से फिलहाल रात के तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं हो रही है। शनिवार को भी प्रदेश के विभिन्न शहरों में दिन के तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments