देश के दिग्गज नेता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी पूर्व की भांति स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं उनकी हालत स्थिर किन्तु पूरी तरह नियंत्रण में है। पूर्व प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता अटल बिहारी वाजपेयी की मौत की अफवाह गुरुवार को सोशल मीडिया पर छायी रही। इस दौरान कई लोगों ने इस अफवाह को सच मानकर सोशल मीडिया पर ही अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि भी दे डाली। वहीं, कुछ लोगों ने सच्चाई जानकर स्पष्ट किया कि अटल बिहारी वाजपेयी की मौत की बात महज एक अफवाह है। इस बारे में आज भाजपा के मुरैना सांसद व अटलजी के भानजे अनूप मिश्रा ने बाकायदा पत्र जारी कर अटलजी के स्वस्थ होने की विधिवत जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि अटलजी लम्बे समय से बीमार हैं और बेड रेस्ट पर हैं । चिकिस्तकों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी देखरेख के लिए तैनात हैं ।अटल बिहारी वाजपेयी की मौत की अफवाह साल 2015 में भी फैली थी। तब ओडिशा के बालासोर के एक स्कूल में अटल बिहारी वाजपेयी की मौत की बात कहकर उनके निधन पर एक शोक सभा का आयोजन भी कर दिया गया था। इतना ही नहीं, इस अफवाह के बाद स्कूल में छुट्टी भी कर दी गई थी। लेकिन जब जिलाधिकारी ने बताया कि यह खबर महज एक अफवाह है तो इसके बाद स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था।
