भोपाल : शुक्रवार का दिन मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने की घोषणा की. मुख्यमंत्री चौहान ने प्रेस से मिलिये कार्यक्रम में यह घोषणा की. चौहान ने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय में पदोन्नति में आरक्षण का मामला विचाराधीन होने के कारण प्रदेश सरकार के कर्मचारी और अधिकारी पदोन्नत नहीं हो पा रहे हैं. हम नहीं चाहते हैं कि कर्मचारी बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त हों, इसलिये कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने का निर्णय लिया है.’’ प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति में आरक्षण का मामला उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन होने से सभी वर्ग के कर्मचारियों की पदोन्नति रुक गई है. इस सवाल पर मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि शीर्ष अदालत से इस मामले में दो साल के अंदर फैसला हो जायेगा तब प्रदेश के संबंधित कर्मचारियों को पदोन्नति दी जा सकेगी.
इस बीच कांग्रेस ने प्रदेश के पढ़े लिखे बेरोजगार युवकों को बेरोजगारी भत्ता देने की मांग की. इसके अलावा बेरोजगार युवकों के एक संगठन ने कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु सीमा बढ़ाने की मुख्यमंत्री की घोषणा के खिलाफ कानूनी सहायता लेने की बात कही है. मालूम हो कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने गत मई में प्रदेश के एसटी/एससी वर्ग के अधिकारियों-कर्मचारियों की पदोन्नति में आरक्षण को रद्द करने का निर्णय दिया था.