स्वाधीनता की 76वीं वर्षगाँठ जिले में हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाई जायेगी
ग्वालियर / गौरवशाली भारतवर्ष की स्वाधीनता की 76वीं वर्षगाँठ जिले में हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाई जायेगी। जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को कम्पू स्थित एसएएफ ग्राउण्ड पर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। समारोह में मुख्य अतिथि प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे।
मुख्य अतिथि श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, राष्ट्रध्वज की सलामी एवं संयुक्त परेड के निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जायेगा। मुख्य अतिथि द्वारा मुख्य समारोह में शांति और सुख-समृद्धि के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े जायेंगे। इस दौरान हर्ष फायर एवं राष्ट्रपति जी की जय के नारे लगेंगे। इसके पश्चात सुरक्षा बलों की सशस्त्र टुकड़ियाँ, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी देंगे। इस बार संयुक्त परेड में “लाड़ली बहना सेना” और कोटवारों की टुकड़ी आकर्षण का केन्द्र होगी। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जायेंगे। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया जायेगा।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर सीएम राईज स्कूल के बच्चों के साथ करेंगे मध्यान्ह भोजन
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एसएएफ मैदान पर मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन के बाद हजीरा स्थित सीएम राईज स्कूल (सरदार पटेल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय) पहुँचेंगे। श्री तोमर यहाँ पर स्कूली बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में शामिल होकर सुरूचिपूर्ण भोजन का आनंद लेंगे।
जगह-जगह मनेगा जश्न-ए-आजादी
स्वतंत्रता दिवस पर जिले भर में जगह-जगह जश्न-ए-आजादी का आयोजन होगा और पूरी शान के साथ तिरंगा लहराया जायेगा। इस दिन नगर निगम, जिला पंचायत सहित जिले की सभी जनपद पंचायतों व नगरीय निकायों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक समारोहपूर्वक स्वतंत्रता की वर्षगाँठ मनाई जायेगी। इसी तरह सभी शासकीय अर्द्धशासकीय भवनों पर कार्यालय प्रमुखों द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा तथा “राष्ट्रगान” का सामूहिक गायन होगा।
नवीन राजस्व भवन परिसर में संभागायुक्त श्री दीपक सिंह प्रात: 8.15 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे। इसी तरह ओहदपुर की सुरम्य पहाड़ी पर स्थित नवीन कलेक्ट्रेट परिसर में प्रात: लगभग 7.30 बजे कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ध्वजारोहण करेंगे