ग्वालियर /आशीर्वाद एक विनम्रता से भरा हुआ भाव है, हमने हाथ जोड़े, हमारे ऊपर जनता ने समर्थन के फूल बरसाए, उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा अब कांग्रेस ने अपनी यात्रा का नाम रखा है जन आक्रोश यात्रा, तो मध्य प्रदेश में जन आक्रोश किसके खिलाफ है? कांग्रेसियों की दगाबाजी के खिलाफ है? कांग्रेसियों ने जो सनातन संस्कृति और सनातन धर्म का अपमान किया है, इंडी गठबंधन ने किया है उसके खिलाफ आक्रोश है, मेरी सलाह कांग्रेस को ये है कि वह अपनी यात्रा का नाम बदलकर क्षमा याचना यात्रा करें, वो मध्य प्रदेश के 95 प्रतिशत सनातनियों से क्षमा मांगे जिनकी भावनाओं को उसने जूते तले रौंदा है। उक्त बात रविवार को भाजपा महाराष्ट्र के सहप्रभारी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने होटल शेल्टर में आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। इस अवसर पर उन्होंने आज सनातन धर्म के अपमान पर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं को जमकर घेरा।
इस अवसर पर ऊजार्मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री कौशल शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री जवाहर प्रजापति, जिला महामंत्रीगण विनय जैन, विनोद शर्मा, राजू पलैया उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि हमारी जन आशीर्वाद यात्राओं की सफलता से बौखला कर कांग्रेस ने नकल करते हुए जन आक्रोश यात्रा शुरू की है। हमने 18 सालों में जो किया और इन बीते हुए तीन सालों में जो किया, जनता के कल्याण के लिए किया, उसके बदले जनता का आशीर्वाद लेने सड़कों पर निकले हैं।
जन आक्रोश यात्रा पर कसा तंज, अपने तरीके से बताई तस्वीर
उन्होंने कहा कि चूँकि कांग्रेस के पास वोट लेने के लिए कोई मुद्दा नहीं है इसलिए यह कांग्रेस की यात्रा भाड़े की भीड़ की यात्रा साबित होने वाली है, यह कांग्रेस की यात्रा दावेदारों की हिंसक प्रदर्शन को दिखाने वाली यात्रा साबित होगी। मंचों पर सिर फूट रहे हैं, इसमें प्रदर्शनों की पट्टियां दिखाई जा रही हैं इसलिए पांच जन आशीर्वाद यात्राओं से मुकाबला करना और तुलना करना कांग्रेस के लिए ना मुमकिन है।
*महिला सशक्तिकरण की बात होती है तो पहले केंद्र की मोदी सरकार याद आती है*
उन्होंने कहा कि आज देश में कहीं भी महिला सशक्तिकरण की बात होती है तो पहले केंद्र की मोदी सरकार लोगों को याद आती है और मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार का नाम आता है। भाजपा सरकार ने अपने लक्ष्यों में महिला सशक्तिकरण को हमेशा से ही प्राथमिकता दी है। अब मोदी जी ने देश की नई संसद के दोनों सदनों से नारी वंदन बिल को पास कराकर नया इतिहास रच दिया है। 27 साल से लटके इस अधिनियम को राज्य सभा में सर्वसम्मति से पास कराना यह दशार्ता है कि मोदी सरकार की नीतियों को विपक्ष भी पसंद करता है। देश के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के क्रम में भाजपा सरकार का यह सार्थक कदम है। लोकसभा एवं प्रदेश की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए मोदी जी का बहुत-बहुत धन्यवाद।
श्री पवैया ने कहा कि जिस प्रकार देश की सरकार महिलाओं के लिए कार्य कर रही है उसी प्रकार प्रदेश की भाजपा सरकार भी महिला उत्थान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। आज लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी योजनाएं प्रदेश की महिलाओं के विकास का आधार बन रही हैं। आज मध्य प्रदेश में कन्याओं के पैदा होने से लेकर उनकी पढ़ाई और शादी तक सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता कर रही है। महिला अपराध के प्रति भी सख्त कदम उठाकर सरकार ने सुरक्षा सुनिश्चित की है।
खडगे, कांग्रेस, उदयनिधि रहे पवैया के निशाने पर
श्री पवैया ने कहा मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक में बोला कि अगर मोदी का राज आया तो सनातन धर्म का राज हो जाएगा इसे रोको। उदयनिधि ने बोला सनातनी लोग डेंगू और मलेरिया के मच्छर हैं इन्हें मसलो, इनको मार डालो, वह कांग्रेस का ही हिस्सा है। मेरा कहना यह है कि क्या मल्लिकार्जुन खड़गे सनातनियों से माफी मांगेंगे? क्या कांग्रेस उदयनिधि स्टालिन की पार्टी से अपना पल्ला झाड़ने को तैयार है? उनसे गठबंधन तोड़ने तैयार है? अगर तैयार नहीं है तो कांग्रेस को क्षमा याचना यात्रा निकालने के अलावा कोई रास्ता नहीं है।
पवैया ने बताया सोनिया राहुल क्यों नहीं गए राम जन्मभूमि दर्शन करने
पवैया ने तंज कसते हुए कहा एक तरफ कथाएं करना, रामनामी डालकर लोगों को छलना दूसरी तरफ कांग्रेस की राजमाता यानी सोनिया गांधी, कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी आज तक अयोध्या में राम जन्मभूमि के दर्शन करने नहीं गए, वे केवल अयोध्या में राम जन्मभूमि इसलिए नहीं जा रहे हैं क्योंकि बाबर के समर्थक नाराज हो जाएंगे। करोड़ों हिंदुस्तानियों का सपना पूरा हुआ है आप खुशियां मनाने नहीं जा सकते?
पवैया ने किया 150 सीट की जीत का दावा
मप्र के पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने 150 सीटें जीतने के उनके दावे से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि मैंने जन आशीर्वाद यात्रा में जिस ज्वार को उठते देखा जिस समर्थन को देखा है मैं उस आधार पर ये दावा कर रहा हूं और ये सच होगा।
उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को भोपाल के जम्बूरी मैदान में पंडित दीनदयाद उपाध्याय जी की जन्मजयंती के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ आयोजित कर रही है। इस महाकुंभ में श्रद्वेय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी 10 लाख भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र देंगे। मैं आप सबसे आह्वान करता हूं कि इस महाकुंभ में शामिल हों और मध्य प्रदेश के विकास के क्रम में भाजपा के रथ को आगे बढ़ाने में सहभागिता दर्ज कराएं।जन आक्रोश यात्रा का नाम “क्षमा याचना यात्रा” रखें, कांग्रेस को मध्यप्रदेश के 95% सनातनियों से माफी मांगनी चाहिए-पवैया