ग्वालियर । संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती जिलेभर में शांति, सदभाव एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाई गई। केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने शनिवार को प्रात:काल फूलबाग परिसर स्थित अम्बेडकर पार्क पहुँचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर श्रृद्धा-सुमन अर्पित किए। साथ ही नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने तथा प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने दतिया के ग्राम नोनेरा में बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने पहुँचे।

महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय चौधरी, साडा अध्यक्ष राकेश जादौन तथा देवेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने भी संविधान निर्माता बाबा साहब अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका स्मरण किया। शहर में लगभग 21 स्थानों पर स्थापित बाबा साहब की प्रतिमाओं पर सुबह से ही सभी वर्गों के लोग आपसी भाईचारे और समरसता के वातावरण में श्रृद्धा-सुमन अर्पित करने पहुँचे। पुलिस महानिरीक्षक अंशुमन यादव, कलेक्टर श्री राहुल जैन, पुलिस अधीक्षक डॉ.
आशीष व अपर कलेक्टर शिवराज वर्मा ने दिनभर शहर का जायजा लिया। शहर में धारा-144 प्रभावशील होने से जुलूस व सभायें आयोजित नहीं हुईं। मगर शहरवासियों ने उत्साह के साथ अलग – अलग पहुँचकर बाबा साहब को श्रृद्धा-सुमन अर्पित किए और उनके बताए गए मार्ग पर चलकर सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
आशीष व अपर कलेक्टर शिवराज वर्मा ने दिनभर शहर का जायजा लिया। शहर में धारा-144 प्रभावशील होने से जुलूस व सभायें आयोजित नहीं हुईं। मगर शहरवासियों ने उत्साह के साथ अलग – अलग पहुँचकर बाबा साहब को श्रृद्धा-सुमन अर्पित किए और उनके बताए गए मार्ग पर चलकर सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। 
एहतियात बतौर की गई थी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
गत 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान ग्वालियर शहर व डबरा कस्बे में निर्मित हुई असामान्य स्थिति को ध्यान में रखकर जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ड्रोन कैमरे के माध्यम से निरंतर नजर रखी गई। ग्वालियर शहर में अपर जिला दण्डाधिकारी स्तर के चार अधिकारी और 10 एसडीएम तैनात रहे। इनके अलावा 20 अन्य कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की तैनाती भी की गई थी। लगभग 60 पुलिस की टीमें भी निरंतर शहर में अपने वाहनों से भ्रमण पर रहीं। रैपिड एक्शन फोर्स की एक कंपनी भी कानून व्यवस्था बनाने में मदद के लिये तैनात रही। शहर में अनेक स्थानों पर सीसीटव्ही कैमरे भी लगाए गए थे।
कलेक्टर एवं एसपी ने जताया आभार
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बाबा साहब की जयंती पर शांति एवं सदभाव व सामाजिक समरसता का वातावरण बनाए रखने के लिए जिलेवासियों के प्रति आभार जताया है। साथ ही शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए शांति समिति के सदस्यगण, मीडिया प्रतिनिधिगण एवं प्रबुद्ध नागरिकों के प्रति भी अधिकारी द्वय ने आभार व्यक्त किया है।