- मध्यप्रदेश और बिहार के कई नेता हुए अंत्येष्ठि में शामिल
- नेताओं ने पत्नी,पुत्र एवं परिवार से मिलकर दी सांत्वना
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा मध्य प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रभात झा आज अपनी जन्मस्थली बिहार के सीतामढ़ी जिले के ग्राम कोरियाही में पंचतत्व में विलीन हुए।


भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका निधन शुक्रवार की सुबह गुरुग्राम में हो गया था। वे 67 वर्ष के थे। उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से पैतृक गांव सुरसंड के कोरियाही लाया गया। उनके पार्थिव शव का अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
मध्यप्रदेश और बिहार के कई नेता हुए शामिल
मध्यप्रदेश भाजपा के दिग्गज नेताओं के साथ-साथ बिहार एनडीए के दर्जनों वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों एवं विधायक भी पहुंचे और श्रद्धा सुमन अर्पित किया। शव पहुंचते ही वहां पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई, वहीं परिवार के लोगों के क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।
उनके आवास पर कुछ देर तक लोगों के अंतिम दर्शनार्थ शव को रखा गया। बाद में शव यात्रा निकाली गई। गांव के ही टेढ़ा गाछी स्थित श्मसान में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के समय भी हजारों लोगों की भीड़ जुटी थी। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र तुसमुल झा ने दी।
मध्यप्रदेश के ये नेता हुए शामिल
मध्य प्रदेश के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, मध्य प्रदेश भाजपा के ही भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह नगर विकास मंत्री कैलाश विजय वर्गीय, आरएसएस के सह कार्यवाह सुरेश सोनी, मध्य प्रदेश के ही भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री हृदय नाथ शर्मा, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, स्वास्थ्य एवं कृषि मंत्री मंगल पांडेय, भाजपा जिला अध्यक्ष मनीष कुमार गुप्ता शामिल हुए।
इसके अलावा बथनाहा विधायक ई. अनिल कुमार राम, सीतामढ़ी नगर विधायक मिथिलेश कुमार, डा. बरूण कुमार, पूर्व सांसद सीताराम यादव, जाले विधायक जीवेश मिश्रा, रीगा विधायक मोतीलाल प्रसाद, परिहार विधायक गायत्री देवी, पूर्व विधायक राम नरेश यादव, शिवहर के पूर्व विधायक राणा रत्नाकर सिंह, रून्नीसैदपुर विधायक पंकज मिश्रा, जेपी सेनानी सह जदयू के वरिष्ठ नेता विमल शुक्ला, प्रो शैलेश कुमार झा,प्रो उमेश चंद्र झा, प्रो नागेन्द्र राउत,नवीन कुमार मिश्रा समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता समेत हजारों लोग शामिल हुए
बता दें कि प्रभात झा जिले के सुरसंड प्रखंड अंतर्गत कोरियाही गांव के रहने वाले थे। वे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा के कद्दावर नेताओं में उनकी गिनती होती थी। मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ रही है
भाजपा के थिंक टैंक के रूप में शुमार स्व. झा मध्य प्रदेश से दो-दो बार राज्यसभा सदस्य भी चुने थे। बताया जाता है कि 29 जून को न्यूरोलाजिकल समस्या के कारण उन्हें एयरलिफ्ट कर मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां वे इलाजरत थे।
पत्नी,पुत्र एवं परिवार से मिलकर दी सांत्वना
अंतिम संस्कार में पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने दिवंगत भाजपा नेता प्रभात झा की पत्नी रंजना झा, पुत्र तुमसुल झा, अयत्न झा ,भाई प्रदीप झा, प्रफूल्ल झा,गजेन्द्र झा समेत परिवार के अन्य लोगों से मिलकर सांत्वना दी। साथ ही परिवार के सदस्य के रूप में हर समय साथ रहने का भरोसा दिया।