उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के करहल विधानसभा सीट पर मतदान चल रहा है. इस बीच एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां दलित लड़की की हत्या कर दी गई है. लड़की की हत्या का आरोप समाजवादी पार्टी के नेता प्रशांत यादव पर लगा है. मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवती ने बीजेपी को वोट देने की बात कही थी, जिसके चलते उसकी हत्या कर दी गई. बीजेपी ने करहल में दलित युवती की हत्या पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व ने की सख्त कार्रवाई की मांग की है. बीजेपी के करहल प्रत्याशी अनुजेश प्रताप ने दलित युवती की हत्या का सपा पर आरोप लगाया है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक युवती का शव नग्न अवस्था में मिला है. पीड़ित परिजनों का आरोप है कि युवती को एक दिन पहले ही धमकी भी मिली थी. परिजनों ने आरोप लगाया है कि 2 लोग जबरन उसे बाइक पर बैठाकर ले गए थे और आज युवती का शव थाना करहल इलाके में कंजरा नदी पुल के पास मिला है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. युवती के पिता का कहना है कि 3 दिन पहले वह अपनी बेटी के साथ कहीं जा रहे थे.
इस दौरान एक नेता ने उनसे कहा कि सपा को वोट देना है. लेकिन उनकी बेटी ने तुरंत बोल दिया कि वोट तो हमारा भाजपा को जाएगा. इसके बाद नेता और उसके साथियों ने बेटी को धमकी भी दी थी. बता दें कि आज करहल विधानसभा सीट पर वोट डाले जा रहे हैं. दरअसल, यह सीट अखिलेश यादव द्वारा लोकसभा चुनाव जीतने के बाद सीट छोड़ने पर खाली हुई थी. एक तरफ जहां समाजवादी पार्टी से तेज प्रताप यादव मैदान में हैं तो वहीं भाजपा की तरफ से अनुजेश प्रताप यादव चुनाव लड़ रहे हैं.