90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री ममता कुलकर्णी का एक वीडियो सामने आया है, इस वीडियो में वह अपनी देश वापसी के बारे में बताती नजर आ रही हैं। करण अर्जुन फेम अभिनेत्री 25 साल बाद मुंबई वापस आ गई हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक सेल्फी वीडियो शेयर किया है।

शाहरुख खान और सलमान खान की ‘करण अर्जुन’ को-स्टार ममता कुलकर्णी 25 साल बाद भारत लौट आई हैं। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह भारत लौटने पर भावुक और खुश नजर आ रही हैं। ममता कुलकर्णी ने वीडियो में कहा कि वह 25 साल बाद भारत लौटी हैं और मुंबई पहुंचकर उनकी पुरानी यादें ताजा हो गई हैं। उन्होंने कहा कि जब उनकी फ्लाइट भारत के ऊपर से गुजर रही थी तो वह अपनी मातृभूमि को देखकर काफी भावुक हो गईं। मुंबई एयरपोर्ट पर पर उतरते समय, वह अपने आंसू नहीं रोक सकीं और एक बेहद भावनात्मक क्षण का अनुभव किया।
देश वापसी पर क्या बोलीं ममता कुलकर्णी?
वीडियो में ममता कहती हैं- ‘हाय फ्रेंड्स, मैं ममता कुलकर्णी। मैं 25 साल बाद भारत, बॉम्बे, मुंबई, आमची मुंबई आई हूं। मैं साल 2000 में भारत से बाहर गई थी और अब ठीक 2024 में लौटी हूं। वापस लौटकर मैं वाकई बहुत खुश हूं। मुझे नहीं पता कि इसे कैसे जाहिर करूं, लेकिन सच में जब फ्लाइट लैंड हुई या फ्लाइट लैंड होने से पहले, मैं लगातार अपने दाएं-बाएं देख रही थी। मैंने 25 साल बाद अपने देश को ऊपर से देखा और इमोशनल हो गई। मेरी आंखों में आंसू थे। मैंने जैसे ही मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कदम रखा, मैं फिर से इमोशनल हो गई।’ इसी के साथ ममता ने भारत वापस लौटने की वजह भी बताई। अभिनेत्री के अनुसार, वह महाकुंभ मेले के लिए भारत लौटी हैं।