ग्वालियर /प्रदेश में जिनकी सरकार पिछले बीस वर्षों से भी अधिक समय से कार्यरत है उस सरकार के मंत्रियों, सांसद को अपनी समस्याओं के लिए सार्वजनिक रूप से बैठक में उच्च नौकर शाही के सामने गुहार लगाना पड़े तो आप क्या कहियेगा ग्वालियर में आज कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला जब अतिरिक्त मुख्य सचिव वन विभाग एवं प्रभारी सचिव ग्वालियर श्री अशोक वर्णवाल ने बुधवार को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह एवं क्षेत्रीय सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह की विशेष उपस्थिति में संभागीय विकास कार्यों की समीक्षा एवं भावी योजनाओं के संबंध में चर्चा की
संभागीय आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में ग्वालियर संभाग के प्रत्येक जिलों के जनप्रतिनिधियों, प्रभारी अधिकारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री, आईजी श्री अरविंद सक्सेना सहित ग्वालियर संभाग के प्रत्येक जिलों के विधायकगण, जिला कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल ने पहले भाषण दिया फिर जन प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी इस दौरान उद्यानिकी एवं सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने निर्देश देने के बजाय जो कुछ कहा उसे देख साफ तौर पर ऐसा लगा वे सत्ता पछ के मंत्री न होकर कोई विपक्षी नेता हैं और अपनी समस्याओं के लिए उन्हें नौकर शाही के सामने याचना करना पड़ रही है। आप खुद ही पढ़िए उन्होंने क्या कुछ कहा।
सब्जी मंडी शहर के बाहर स्थापित की जाए
उद्यानिकी एवं सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने बैठक में कहा कि ग्वालियर में सब्जी मंडी शहर के मध्य में होने के कारण यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसके साथ ही सब्जी व्यापारियों को भी अपना व्यवसाय करने आने-जाने में कठिनाई आ रही है। इसलिए सब्जी मंडी को शहर के बाहर स्थापित करने की संभावनायें तलाश कर कार्रवाई की जाना चाहिए। इसके साथ ही दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की तहसील कलेक्ट्रेट कार्यालय में कार्यरत है, जिसे दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में प्रारंभ किया जाना उचित होगा, ताकि लोगों को अपने काम के लिये कलेक्ट्रेट तक न जाना पड़े। उन्होंने दक्षिण क्षेत्र के नालों के सुधार के लिये ही जो प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित हैं, उसे स्वीकृत किए जाने की आवश्यकता बताई।
उधर ऊर्जा मंत्री तोमर और सांसद भारत सिंह भी कुछ ऐसा ही कहते नजर आए
चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि ग्वालियर को भी मिले
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बैठक में कहा कि शहर के पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। स्वच्छता के लिये सफाई कर्मियों की अतिरिक्त आवश्यकता को ध्यान में रखकर राज्य शासन से स्वीकृति अपेक्षित है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिये वाहनों की नियमित चैकिंग और प्रदूषण फैलाने वाले वाहन के विरूद्ध कार्रवाई की जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इंदौर, भोपाल एवं जबलपुर की तर्ज पर क्षेत्र फल के अनुरूप शासन से चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि ग्वालियर को भी मिले, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि उद्योगों के विकास के लिये ग्वालियर के साडा क्षेत्र में जगह आरक्षित कर नए-नए उद्योगों के लिये आवंटन की कार्रवाई हो ताकि जिले में नए उद्योग धंधे स्थापित हो सकें।
सांसद की गुहार अस्पताल की स्थापना के लिये जमीन आरक्षित की जाए
क्षेत्रीय सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर में बड़ी लागत से आईटी पार्क, रेडीमेड गारमेंट पार्क और स्टोन पार्क स्थापित है, इनका बेहतर से बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए ताकि बेरोजगारों को रोजगार भी मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि सोन चिरैया अभ्यारण्य से डीनोटिफाइड हुए क्षेत्र में पत्थर खदानों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए ताकि ग्वालियर के स्टोन के माध्यम से लोगों को बेहतर रोजगार मिले। ग्वालियर का स्टोन न केवल देश भर में बल्कि विदेशों में भी निर्यात होता है। उन्होंने साडा क्षेत्र में प्रस्तावित एम्स अस्पताल की स्थापना के लिये जमीन आरक्षित करने की बात भी कही।
संभागीय बैठक में सभी जिलों के विधायकगणों ने अपने-अपने क्षेत्र के विकास के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव रखे। इसके साथ ही आम जनों की समस्याओं के संबंध में भी ध्यान आकर्षित किया। बैठक में संभाग के सभी जिला कलेक्टरों ने अपने-अपने जिले के विजन डॉक्यूमेंट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में अपर मुख्य सचिव वन श्री वर्णवाल ने सभी जिला कलेक्टरों से कहा कि बैठक में विभिन्न मुद्दों में से जिला स्तर के मुद्दों पर जिला स्तर पर जनप्रतिनिधि के साथ बैठकर उनका निराकरण किया जाए। इसके साथ ही शासन स्तर के प्रकरणों में विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित कर उनका निराकरण समय-सीमा में हो, इस पर विशेष प्रयास किए जायेंगे।