प्रवीण दुबे
अब मुख्यमंत्री डॉ यादव खुद 8 अप्रैल को जनता को समर्पित करेंगे विवेकानंद नीडम आरओबी
जनता की तमाम सुख सुविधाओं के प्रति सरकार कितनी ही संवेदनशील क्यों न हो लेकिन जबतक नौकरशाही सुस्त और नाकारा है तब तक जनता तो परेशान रहती है साथ ही सरकार को भी नीचा देखना पड़ता है इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है ग्वालियर का नवनिर्मित विवेकानंद नीडम आरओबीसरकार पहले तो इसे बनने में 9 साल लगा दिए गए और जब यह यातायात के लिए उपयोग में लिया जाने लगा तो प्रशासन ने यह कहकर बंद कर दिया कि अभी यहां बिजली व कुछ अन्य कार्य अधूरा है। प्रशासन तो इसे बंद करके अपनी कछुआ चाल पर उतर आया उधर शहर भर के लोगों का गुस्सा सातवे आसमान पर जा पहुंचा एक तरफ संयुक्त मोर्चा ने तो दूसरी तरफ कांग्रेस विधायक ने खुद ही विवेकानंद नीडम आरओबी का उदघाटन करने की चेतावनी दे डाली।
इस हो हल्ले से स्थानीय प्रशासन को तो कोई फर्क नहीं पड़ा लेकिन सरकार की छवि खराब होने जानकारी मुख्यमंत्री तक अवश्य जा पहुंची उन्होंने तुरंत आज इस विषय पर कलेक्टर सहित अन्य प्रशासनिक आमले की क्लास ले डाली इसके बाद कुम्भकरणी नींद में सोये जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट भी जागे। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर से खुद पुल का उदघाटन करने की बात कही और तुरंत कार्य पूर्ण करने को कहा। जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने भी नीडम आरओबी के शेष कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराने को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान व नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। व्हीसी के माध्यम से उन्होंने कहा नव निर्मित आरओबी की कमियों को तत्परता से पूर्ण कराया जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद कलेक्टर पहुंची मौक़े पर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शनिवार को नीडम आरओबी का निरीक्षण किया। उन्होंने आरओबी पर रोशनी के लिये किए जा रहे विद्युतीकरण, शेष रोड फर्निशिंग, आरओबी के दोनों ओर की कॉलोनियों को सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार जोड़ने की कार्रवाई युद्ध स्तर पर पूर्ण करने के निर्देश मौके पर मौजूद सेतु निगम के कार्यपालन यंत्री को दिए। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा कि कॉलोनियों को पुल से जोड़ने का काम इस तरह से किया जाए, जिससे आवागमन के दौरान दुर्घटना की स्थिति न बने। आरओबी पर प्रोपर ढंग से रेडियम लगाने और डिवाइडर सहित जरूरत के मुताबिक स्पीड ब्रेकर बनाने की हिदायत भी उन्होंने निरीक्षण के दौरान दी।
मुख्यमंत्री डॉ यादव 8 अप्रैल को जनता को समर्पित करेंगे विवेकानंद नीडम आरओबी
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव विवेकानंद नीडम के समीप नव निर्मित आरओबी ( रेलवे ओवर ब्रिज) 8 अप्रैल को जनता को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही इस आरओबी से विधिवत आवागमन शुरू हो जाएगा।
इस आरओबी की सुविधा जल्द से जल्द शहरवासियों सहित जिले की जनता को मिल सके इस उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ यादव के निर्देश पर आरओबी पर विद्युतीकरण सहित रोशनी के लिए पोल व रेडियम लगाना, रोड फर्शनिंग एवं मानकों के अनुरूप सुगम यातायात के लिए शेष काम युद्ध स्तर पर पूरे किए जा रहे हैं। यह आरओबी शुरू होने पर लश्कर, कम्पू, आमखो इत्यादि क्षेत्र के निवासी नाका चंद्रबदनी से विवेकानंद नीडम होते हुए कलेक्ट्रेट पहुँच सकेंगे। साथ ही आगरा-झाँसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीधे जा सकेंगे। इससे समय की बचत के साथ दूरी भी कम तय करनी पड़ेगी।