मध्यप्रदेश के ग्वालियर में थाटीपुर स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी सुप्रदिप्तानंद को 26 दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर 2.52 करोड़ रुपए की ठगी कर ली गई। ठगों ने नासिक पुलिस का अफसर बनकर फोन किया था। स्वामी सुप्रदिप्तानंद को नरेश गोयल मनी लांड्रिंग केस में फंसा बताकर ठगी की गई। सबसे पहला काॅल 17 मार्च को आया था। इसके बाद उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया गया। इस मामले में ग्वालियर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एफआईआर दर्ज की है।
संभवत: यह मध्यप्रदेश में अब तक का सबसे बड़ा डिजिटल अरेस्ट है। यहां बता दें कि रामकृष्ण आश्रम के सचिव स्वामी सुप्रदिप्तानंद के पहले उज्जैन में आश्रम का काम देखने वाले प्रबंधन के साथ भी डिजिटल अरेस्ट की घटना हुई थी। उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर 71 लाख रुपए की ठगी की गई थी।