प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से कुछ देर पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम कराने में अमेरिका ने मदद की.
उन्होंने कहा, “शनिवार को, मेरे प्रशासन ने भारत और पाकिस्तान के बीच पूर्ण और तत्काल युद्धविराम कराने में मदद की. मुझे लगता है कि यह स्थायी युद्धविराम है, जिससे बहुत सारे परमाणु हथियार वाले दो देशों के बीच एक खतरनाक संघर्ष समाप्त हो गया.”
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका की ओर से व्यापार का हवाला देने के बाद दोनों देश सीज़फायर के लिए तैयार हुए.
ट्रंप ने कहा, “हमने बहुत मदद की. हमने ट्रेड से मदद की. हमने दोनों देशों से कहा कि हम आपके साथ बहुत सारा ट्रेड करते हैं, इसलिए इस संघर्ष को बंद करें. अगर आप रुकेंगे तो हम ट्रेड करेंगे, अगर नहीं रुकेंगे तो हम ट्रेड नहीं करेंगे.”
उन्होंने आगे कहा, “उन्होंने (भारत और पाकिस्तान ने) बहुत सारी वजहों से ये फैसला (सीज़फायर) किया. लेकिन ट्रेड एक बड़ी वजह है.”