मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह ने अपने ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने के मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.
मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफ़िया कुरैशी के ख़िलाफ़ टिप्पणी की थी, जिसपर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने 14 मई को स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने के निर्देश दिया था.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के ऑफ़िस ने बुधवार की देर रात जानकारी दी थी कि हाई कोर्ट के आदेश के बाद सीएम ने कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
हालांकि, विवाद बढ़ने पर विजय शाह माफ़ी मांग चुके हैं.
विजय शाह ने कहा, “हाल में मेरे दिए गए बयान से हर समाज की भावनाएं आहत हुई हैं. उसके लिए मैं दिल से न केवल शर्मिंदा हूं, दुखी हूं, बल्कि माफ़ी चाहता हूं.’’