प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज राजगढ़ जिले में 440 करोड़ रुपये लागत की मोहनपुरा वृहद सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करते हुए डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को 65वीं पुण्य-तिथि पर श्रद्धांजलि दी।
मध्यप्रदेश के सच्चे सेवक है मुख्यमंत्री श्री चौहान
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश में गरीबों, श्रमिकों, जरूरतमंदों और किसानों की बेहतरी के लिये किये जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर लाकर ऐतिहासिक काम किया है। श्री चौहान प्रदेश की सेवा में सच्चे सेवक की भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। भारत सरकार श्री चौहान के इन प्रयासों की सराहना करती है।
प्रधानमंत्री ने मोहनपुरा वृहद सिंचाई परियोजना की परिकल्पना से निर्माण होने तक इससे जुड़े हर व्यक्ति का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह परियोजना केवल राजगढ़ की नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की ऐसी बड़ी परियोजनाओं में से एक है, जिससे 725 गाँव को सीधा
लाभ मिलेगा। इन गाँवों में पीने के पानी की भरपूर व्यवस्था सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को पूरा कर वास्तव में मध्यप्रदेश में माताओं-बहनों और किसानों की बेहतरी के लिये काम किया है। इस परियोजना से प्रदेश के मालवा अंचल की समृद्धि का सशक्त मार्ग प्रशस्त होगा।श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि श्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने मध्यप्रदेश राज्य को पिछड़ेपन की पहचान से मुक्त करवा दिया है। राजगढ़ जिले में इस वृहद सिंचाई परियोजना का निर्माण मुख्यमंत्री की सोच और दूरदृष्टि का प्रमाण है।
मोहनपुरा वृहद सिंचाई परियोजना-एक परिचय
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जैसे ही परियोजना का लोकार्पण किया, वहाँ मौजूद विशाल जन-सैलाब खुशियों से झूम उठा,
राजगढ़ जिले में 440 करोड़ रुपये लागत से बनी मोहनपुरा सिंचाई परियोजना से 727 गाँवों को लाभ होगा। इस परियोजना पर निर्मित बाँध से राजगढ़ जिले के नागरिकों को 8 मिलियन घन मीटर पीने का पानी और 5 मिलियन घन मीटर औद्योगिक क्षेत्रों के लिये पानी मिलेगा। इस परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2014 में शुरू किया गया था। इसकी जल-भराव क्षमता 616.27 मिलियन घन मीटर है। राज्य शासन ने इस परियोजना से किसानों के खेतों में सीधे पानी पहुँचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की है।
विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं प्रधानमंत्री श्री मोदी – मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकार्पण समारोह में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश के समग्र विकास के साथ-साथ विश्व में शांति की स्थापना के लिये महत्वपूर्ण कार्य किये हैं। श्री मोदी अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से आज विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता बन गये हैं। श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की यह पहली ऐतिहासिक राजगढ़ यात्रा है। उन्होंने बताया कि श्री मोदी प्रदेश की तकदीर और तस्वीर बदलने वाली योजनाएँ लेकर आये हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मोहनपुरा वृहद सिंचाई परियोजना राजगढ़ जिले की तस्वीर बदल देगी। उन्होंने बताया कि खेती और सिंचाई के क्षेत्र में मध्यप्रदेश के किसानों ने पंजाब राज्य को भी पीछे छोड़ दिया है।
लोकार्पण समारोह के प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को तुलसी की माला भेंट की और पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर सिंचाई कार्य-योजना का विमोचन किया। समारोह में राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल, सांसद श्री राकेश सिंह, श्री रोडमल नागर, स्थानीय विधायकगण, अन्य जन-प्रतिनिधि, मुख्य सचिव श्री बी.पी. सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री आर.के. शुक्ला और जन-सैलाब के रूप में नागरिक और किसान मौजूद थे।

