ग्वालियर / भगवान श्रीगणेश की बड़ी व छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जिला प्रशासन व नगर निगम द्वारा इस वर्ष श्रद्धालुओं से शुल्क वसूलने की तैयारी कर ली गई है इसके लिए आज कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बाक़यदा दिशा निर्देश दिए जिसमें उन्होंने कहा है कि बड़ी व छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन का शुल्क तय किया जाए।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह एवं नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय गौतम पूरे सरकारी दल बल के साथ मंगलवार को अस्थायी सागर ताल के निकट बनाए जा रहे सरकारी जलाशयों का जायजा लेने पहुंचे थे।
इस अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने प्रशासनिक अमले से कहा सागरताल के सामने बनाए गए अस्थायी जलाशयों में बड़ी प्रतिमाओं एवं छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अलग-अलग व्यवस्था रहेगी। छोटी आकार की श्री गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए हर साल की तरह कटोरा ताल के कोने पर भी एक छोटा कुंड तैयार किया गया है।कलेक्टर एवं एसएसपी ने इस अवसर पर एक अजीबो गरीब निर्देश भी दिया है संभवतः यह निर्देश आज तक ग्वालियर के इतिहास में कभी भी सुनने को नहीं मिला है।
इस आश्चर्यचकित करने वाले निर्देश में कलेक्टर एवं एसएसपी ने बड़ी व छोटी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का शुल्क भी तय करने के लिए सरकारी अमले को कहा है। फिलहाल अभी यह तय नहीं है कि यह शुल्क कितना होगा।
विसर्जन कराने वाले केवट समुदाय के वॉलेन्टियर्स की सूची बनाएं
प्रतिमाओं का पारंपरिक रूप से विसर्जन कराने वाले केवट समुदाय के वॉलेन्टियर्स को सूचीबद्ध करने के निर्देश भी कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दिए। उन्होंने इस अवसर पर मौजूद वॉलेन्टियर्स के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने आधारकार्ड व अन्य दस्तावेज नगर निगम के अधिकारियों को उपलब्ध करा दें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि कोई भी वॉलेन्टियर विसर्जन के दौरान नशे में न रहे। यदि नशे की हालत में कोई वॉलेन्टियर पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। कलेक्टर एवं एसएसपी ने बड़ी व छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन का शुल्क भी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा प्रतिमाओं का विसर्जन कराने के लिए किसी से भी अनावश्यक धनराशि की मांग न की जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती चौहान ने नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं को इस प्रकार से अंतिम रूप दें कि श्रद्धालुजन सुविधाजनक तरीके से और धार्मिक विधि विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकें। कलेक्टर एवं एसएसपी ने कहा विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएँ।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा कि सागरताल के सामने की मुख्य सड़क से वैकल्पिक जलाशय तक पर्याप्त चौड़ाई में बड़ी एवं छोटी प्रतिमाओं को ले जाने के लिये गिट्टीयुक्त अलग-अलग पहुंचमार्ग तैयार कराएँ। पहुँचमार्ग से लेकर विसर्जन स्थल तक पुख्ता बेरीकेटिंग भी कराई जाए। विसर्जन स्थल पर प्रतिमाओं की पूजा करने के लिये मजबूत प्लेटफॉर्म बनाने के निर्देश भी उन्होंने दिए। साथ ही कहा अस्थायी जलाशय सहित सम्पूर्ण पहुँच मार्ग पर रोशनी, माइक व टेंट की भी पुख्ता व्यवस्था की जाए। चलित जलाशय स्थल पर प्राथमिक चिकित्सा के लिये हैल्थ काउण्टर लगाने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए।
इस अवसर पर नगर निगम के अपर आयुक्त श्री प्रदीप तोमर, एसडीएम ग्वालियर सिटी श्री प्रदीप कुमार शर्मा व लोक निर्माण, विद्युत वितरण कंपनी तथा नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
चलित जलाशय की व्यवस्था
जन सहयोग से मुख्य मार्गों पर वाहनों के माध्यम से चलित जलाशय भी चलाए जाने की व्यवस्था भी हर साल की तरह की जा रही है। इन चलित जलाशयों के माध्यम से भगवान गणेश जी की छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा सकेगा।