एशिया कप 2025 के सुपर-4 के मुकाबले में पाकिस्तान एक बार फिर भारत के सामने फिसड्डी साबित हुआ भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से मात दी.
पाकिस्तान की ओर से जीत के लिए मिले 172 रन के लक्ष्य को भारत ने अभिषेक शर्मा की 74 रन की पारी की बदौलत 18.5 ओवर में ही हासिल कर लिया.
हालांकि ग्रुप स्टेज के मुकाबले की तरह इस बार भी भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने मैच के बाद हाथ नहीं मिलाए.
इसके अलावा पाकिस्तान के ओपनर साहिबज़ादा फ़रहान ने फिफ्टी लगाने के बाद जिस तरह से गन पोज़ सेलिब्रेशन किया उससे तनाव बढ़ गया
हारिस रऊफ और अभिषेक शर्मा में हुई भिड़ंत

मैच में अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत से ही ताबड़तोड़ बैटिंग की है। उन्होंने मैच की पहली ही गेंद पर शाहीन शाह अफरीदी की गेंद पर छक्का लगाया था। इसके बाद उन्होंने किसी भी बॉलर को नहीं बख्शा और धमाकेदार अंदाज में रन बनाए। भारत के खिलाफ पारी का पांचवां ओवर हारिस रऊफ ने किया। इस ओवर की आखिरी गेंद पर शुभमन गिल ने पुल शॉट मारते हुए चौका लगाया। इस गेंद को पकड़ने के लिए पाकिस्तानी फील्डर्स के पास कोई मौका नहीं था।
इसके बाद हारिस रऊफ भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा से कुछ कहते हैं और उन पर बुरी तरह से चिल्लाते हुए नजर आते हैं। फिर अभिषेक भी उन्हें हाथ के इशारे से जाने के लिए कहते हैं। दोनों ही प्लेयर्स बहुत ही गुस्से में नजर आते हैं। शुभमन गिल भी उनके पास आ जाते हैं। फिर अभिषेक और रऊफ में बस हाथापाई की नौबत आ जाती है। इतने में अंपायर आ जाते हैं और हारिस रऊफ को धक्का देकर दूर जाने के लिए कहते हैं। स्टेडियम में फैंस भी चिल्लाते हैं। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें अभिषेक और हारिस कमें गाली गलौच जैसी स्थिति नजर आ रही हैं।