शक्ति पूजन का प्रतीक है कन्या पूजन : नारायण सिंह कुशवाह
संस्कार केंद्रों की बालिकाओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
ग्वालियर। भारतीय संस्कृति में नवरात्रि का पर्व शक्ति की आराधना का पर्व होता है इसमें कन्या पूजन के कार्यक्रम का विशेष महत्व है कन्या पूजन के माध्यम से हम साक्षात मां जगदंबा का पूजन करते हैं हम शक्ति की आराधना करते हैं ऐसे भव्य कार्यक्रमों से समाज में मातृशक्ति को न सिर्फ सम्मान मिलेगा बल्कि पुरुष वर्ग मातृशक्ति के प्रति अपनी कृतज्ञता भी ज्ञापित कर सकता है। सेवाभारती द्वारा कन्या पूजन के इस भव्य आयोजन से पूरे समाज में एक संदेश जाता है, कि हमें ऐसे भाव और दिव्या आयोजन सामूहिक रूप से ज्यादा से ज्यादा करने चाहिए ताकि नन्हीं बच्चियों और बालिकाओं के प्रति समाज में बढ़ रहे अपराध और बुरी मानसिकता पर रोक लगा सके।
यह बात मध्य प्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर, छत्री बाजार में मंगलवार को दुर्गाष्टमी और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. माधव राव सिंधिया की पुण्य तिथि के अवसर पर सेवाभारती, ग्वालियर द्वारा आयोजित कन्यापूजन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही। उन्होंने सेवा भारती के प्रकल्पों और सेवा कार्यों की भूरी भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक श्री प्रहलाद सबनानी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में ऐसे आयोजन हमें हमारे कर्तव्यों का बोध कराते हैं, हमें अपने संस्कारों का संरक्षण और संवर्धन तो करना ही है, साथ ही हमें पर्यावरण की रक्षा के लिए भी ज्यादा से ज्यादा सकारात्मक प्रयास करने चाहिए, वहीं अगर हमें एक अच्छा समाज चाहते हैं तो हमें अपने समाज में सामाजिक कर्तव्यों के प्रति भी चेतना जगाने का कार्य भी करना चाहिए।
कार्यक्रम में सेवा भारती मध्यभारत के प्रांत के संगठन मंत्री श्री सुरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि कन्या पूजन के कार्यक्रमों से नारी शक्ति के प्रति सम्मान का भाव बढ़ता है। ऐसे आयोजन आज न सिर्फ केवल भारत में अपितु पूरे विश्व में आयोजित हो रहे हैं। जो महिलाओं का सम्मान नहीं करता उसका अंत निश्चित है। इसका उदाहरण महाशक्तिशाली रावण जैसा दैत्यराज का वध है।, इसलिए हमें मातृशक्ति का सम्मान और पूजन सदैव करना चाहिए। भारत में प्राचीन काल से ही मातृशक्ति के पूजन की परंपरा रही है, इस अभिनव परंपरा को हमें नई पीढ़ी तक ले जाने के लिए ऐसे सामूहिक और भव्य कार्यक्रम निरंतर रूप से करना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल ने भी अपने विचार रखें और स्व. माधव राव सिंधिया को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा भारती ग्वालियर महानगर के अध्यक्ष श्री विजय गुप्ता ने की। कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 41 के पार्षद मोहित जाट ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. माधव राव सिंधिया की पुण्यतिथि पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन एवं सेवा भारती का परिचय, कार्यक्रम की प्रस्तावना सेवा भारती ग्वालियर विभाग के सचिव डॉ.सुरेंद्र प्रधान ने प्रस्तुत की।कार्यक्रम के सेवा भारती के विभाग समन्वयक कैलाश कुशवाह, भाजपा के हेमू कालानी मंडल के अध्यक्ष सत्यपाल जादौन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग सेवा प्रमुख श्री रवि बत्रा सह सेवा प्रमुख श्री विनोद विदुआ, समाजसेवी श्री अरविंद दुदावत, डॉ.लखन सिंह राजपूत, तथा लश्कर के सेवा प्रमुख श्री चितवन सोनी, संस्कार प्रमुख श्री चेतन सोनी, सेवा भारती मध्य भारत प्रांत की कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती विनीता जैन सह प्रचार प्रमुख गिरीश कुमार पाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
*देवीस्वरूपा नौ कन्याओं के पग पखार किया नौ सौ कन्याओं का पूजन*
मंचस्थ अतिथियों ने मंच पर नवदुर्गा स्वरूप नौ कन्याओं के पैर धोकर पूजन किया, प्रसाद ग्रहण करवाया तथा भेंट स्वरूप नकद राशि बंद लिफाफे में, एक चुनरी,फल तथा एक बर्तन भेंटस्वरूप प्रदान किया।, वहीं मंच के सम्मुख बैठी 900 से अधिक कन्याओं का सेवा भारती के पदाधिकारी एवं समाजसेवियों द्वारा पूजन कर भेंट प्रदान की।
*बच्चों ने मंच पर दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां*
ग्वालियर में सेवा भारती द्वारा संचालित संस्कार केदो से आई बच्चियों ने मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जिनमें राधा कृष्ण के भजनों पर नृत्य नाटिका तथा लांगुरिया आदि की प्रस्तुत किए। कन्या पूजन के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।