एशिया कप क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान के बीच के विवाद की सुर्खियों के बीच आईसीसी का महिला विश्व कप 2025 भी इस घेरे में आता दिख रहा है. यहां बता दें कि भारत पाकिस्तान का हाई वोल्टेज मैच 5 अक्टूबर को खेला जाना है।
इससे पहले ताज़ा विवाद भी भारत और पाकिस्तान को लेकर ही है.दरअसल पाकिस्तान की पूर्व कप्तान और अब कमेंटेटर सना मीर ने महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मुक़ाबले के दौरान पाकिस्तानी टीम की एक खिलाड़ी का परिचय कराते हुए ‘पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर’ को ‘आज़ाद कश्मीर’ कह दिया.
इसके बाद भारतीय मीडिया और सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई.
हालांकि सना मीर ने बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जिस तरह से चीजों को बढ़ा-चढ़ा कर बताया जा रहा है वो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
इससे खिलाड़ियों पर बेवजह दबाव पैदा किया जा रहा है. ये दुख की बात है कि इस पर सार्वजनिक तौर पर सफाई की मांग हो रही है.
पाकिस्तान का कश्मीर के जिस हिस्से पर नियंत्रण है, वो उसे ‘आज़ाद कश्मीर’ बताता है.
भारत सरकार का मानना है कि यह क़ानूनी रूप से भारत का हिस्सा है, जो कि जम्मू-कश्मीर के महाराजा राजा हरि सिंह की ओर से दस्तख़त किए गए विलय पत्र पर आधारित है.
सना मीर ने ‘आज़ाद कश्मीर’ वाली टिप्पणी विमेन्स वर्ल्ड कप में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाले उद्घाटन मैच के दौरान की थी.
सना मीर पाकिस्तानी बैटर नतालिया परवेज़ का परिचय करा रही थीं. उस दौरान उन्होंने कहा, ” ये काफी युवा टीम की कप्तानी करती रही हैं. इस युवा टीम ने क्वालिफ़ायर जीते हैं लेकिन इनमें से ज़्यादातर नई हैं. नतालिया जो कश्मीर, आज़ाद कश्मीर से आती हैं लाहौर में काफ़ी क्रिकेट खेलती हैं. उन्हें अपना ज़्यादातर क्रिकेट खेलने के लिए लाहौर आना पड़ता है.”
सना मीर के इस बयान पर सोशल मीडिया में तुरंत प्रतिक्रिया दिखी.
सोशल मीडिया पर कई भारतीय फैन्स आईसीसी और बीसीसीआई को टैग करके क्रिकेट के राजनीतिकरण का आरोप लगाने लगे और उन्हें कमेंटरी से हटाने की मांग करने लगे.