HomeVideoवीडियो :धीरेन्द्र शास्त्री का पुतला दहन करने पर भड़के लोग हुई झड़प,...

वीडियो :धीरेन्द्र शास्त्री का पुतला दहन करने पर भड़के लोग हुई झड़प, कहा नहीं जलाने देंगे संतों का पुतला

दतिया 8 नवंबर 2025/दतिया के इंदरगढ़ कस्बा में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं तथा हिंदू संगठनों के बीच पुतला दहन को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ते-बढ़ते पथराव और झड़प तक पहुंच गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।

घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज इंदरगढ़ अस्पताल में जारी है। कस्बे में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुतला दहन से भड़की झड़प

भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के  कार्यकर्ता ग्वालियर संभागीय अध्यक्ष केशव यादव के नेतृत्व में बागेश्वर धाम के प. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुतला दहन करने के लिए अंबेडकर पार्क से रैली निकाल रहे थे। ग्वालियर चौराहे के पास पहुंचकर उन्होंने निर्धारित स्थल से करीब 25 फीट पहले ही शास्त्री का पुतला फूंक दिया।

इसी दौरान वहां पहले से मौजूद हिंदू संगठनों के नेतृत्व में सैकड़ों स्थानीय कार्यकर्ता विरोध में नारेबाजी करने लगे। हिंदू संगठन ने दामोदर यादव का भी पुतला फूंका। दोनों पक्षों के बीच तू-तू, मैं-मैं शुरू हुई, जिसे पुलिस ने प्रारंभिक स्तर पर संभाल लिया।

थाने से लौटते वक्त फिर भिड़े कार्यकर्ता

इसके बाद भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता इंदरगढ़ थाने पहुंचे और शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने हिंदू संगठनों पर जातिगत गालियां देने और कार्यक्रम में बाधा डालने का आरोप लगाया।
थाने से लौटते समय रास्ते में दोनों गुटों का फिर आमना-सामना हो गया और दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज और वॉटर कैनन से भीड़ को खदेड़ा। भगदड़ के बीच तीन लोग घायल हो गए।

हिंदू संगठनों का बयान

सनातन हिंदू संगठन के नगर अध्यक्ष शिरोमणि सिंह राठौर ने कहा, प. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जात-पात मिटाने और सनातन एकता की बात करते हैं। हम संतो का पुतला जलने नहीं देंगे। अगर किसी को विरोध करना है तो नेताओं का करे, संतों का नहीं।उन्होंने आगे कहा कि हमने जवाब में आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव का पुतला दहन किया है।

पुतला दहन की वजह

दरअसल, बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन एकता पदयात्रा’ के विरोध में दलित पिछड़ा समाज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दामोदर यादव ने हाल ही में हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी।
यादव ने शास्त्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्होंने हरियाणा में उन्हें गालियां दीं और धमकाया। इसी के विरोध में यादव के भाई केशव यादव ने इंदरगढ़ में पुतला दहन कार्यक्रम तय किया था।

शास्त्री का पलटवार

विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने हरियाणा में एक कथा के दौरान कहा था “हमें छेड़ा है तो हम छोड़ेंगे भी नहीं। भारत और संस्कृति को बचाने के लिए जातिवाद और भेदभाव से ऊपर उठकर सनातनी बनना होगा। फिलहाल पुलिस ने दोनों संगठनों के प्रमुख कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर लिया है और अतिरिक्त बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments