भोपाल 22 अप्रैल 2026/शिवपुरी जिले के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आ रही हैं। करैरा में थार से पांच लोगों को टक्कर मारने के मामले में बेटे के बचाव में एसडीओपी प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. आयुष जाखड़ को धमकी देने के मामले में पार्टी संगठन ने कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

तीन दिन में मांगा जवाब
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से जारी नोटिस में विधायक को तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। नोटिस में साफ कहा गया है कि हाल के दिनों में उनका आचरण आपत्तिजनक रहा है और यह पार्टी अनुशासन के अनुरूप नहीं है।वीडियो में SDOP के खिलाफ की थी अभद्रता
दरअसल, यह पूरा मामला उस घटना के बाद सामने आया, जब विधायक के बेटे पर थार वाहन से पांच लोगों को टक्कर मारने का आरोप लगा था। इस प्रकरण में पुलिस कार्रवाई के दौरान विधायक का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे एसडीओपी के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते और उन्हें चुनौती देते नजर आए थे।अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी
पार्टी नेतृत्व ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को भी दे दी है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि तय समय सीमा में जवाब नहीं देने या संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर विधायक के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।इस नोटिस की प्रतिलिपि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश के शीर्ष पदाधिकारियों को भी भेजी गई है, जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि संगठन इस मामले में कोई नरमी बरतने के मूड में नहीं है।