ग्वालियर 17 अप्रैल 2026/शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र महाराज बाड़ा क्षेत्र में मंगलवार को एक सराफा व्यापारी की एक्टिवा की डिग्गी से एक लाख रुपये गायब होने का मामला सामने आया है। इस घटना में यातायात पुलिस के अतिक्रमण दस्ते पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है क्योंकि जिस एक्टिवा से रूपये गायब हुए हैं उसे बाड़े से उठाकर थाने लाया गया था घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया और बड़ी संख्या में व्यापारी कम्पू थाने पहुंच गए।


वह एक्टिवा जिससे रूपये चोरी किए गए तथा ऊपर व्यापारी दिनेश कुमार वर्मा द्वारा पुलिस को दिया आवेदन
जानकारी के अनुसार सराफा व्यापारी दिनेश कुमार वर्मा जिनकी की दिनेश कुमार सराफ के नाम से नया सराफा में दुकान है दोपहर करीब 3 बजे पासपोर्ट संबंधी कार्य से महाराज बाड़ा स्थित डाकघर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी एक्टिवा नो-व्हीकल जोन में खड़ी कर दी थी। इसी दौरान यातायात पुलिस कार्रवाई करते हुए वाहन को उठाकर कम्पू थाना परिसर ले गई।
पासपोर्ट कार्यालय का कार्य पूरा करने के बाद जब दिनेश कुमार वर्मा वापस लौटे तो उन्हें पता चला कि उनकी एक्टिवा यातायात पुलिस द्वारा उठा ली गई है। इसके बाद वे तत्काल कम्पू थाना पहुंचे। वहां पहुंचकर जब उन्होंने एक्टिवा की डिग्गी की जांच की तो उसमें साड़ी में लपेटकर रखे गए एक लाख रुपये गायब मिले। यह देखकर उनके होश उड़ गए।
व्यापारी ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी और अपने भाई भाजपा नेता ओमप्रकाश जाजोरिया को भी मौके पर बुलाया। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारिक संगठनों में हलचल मच गई। चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल सहित भाजपा पार्षद संजय सिंघल, अचलेश्वर न्यास के पूर्व अध्यक्ष हरिदास अग्रवाल, भाजपा महामंत्री अमित बंसल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी कम्पू थाने पहुंच गए और मामले की निष्पक्ष जांच तथा रकम बरामद करने की मांग की।
डॉ. अग्रवाल ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर चर्चा की। व्यापारियों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने उस यातायात अमले से भी पूछताछ शुरू कर दी है, जिसने महाराज बाड़ा से एक्टिवा को उठाकर थाना पहुंचाया था।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही थी और डिग्गी से रकम गायब होने के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई थी। घटना ने शहर के व्यापारियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।