ग्वालियर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संघ के आद्य सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित महानाट्य ‘युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार’ का नि:शुल्क मंचन 22 जून को जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में किया जाएगा। सायं 6:30 बजे से आयोजित इस नाटक में नागपुर से आ रहे 45 कलाकार प्रस्तुति देंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग संघचालक प्रहलाद सबनानी, संस्कार भारती के मंचीय कला के प्रांतीय प्रमुख प्रदीप दीक्षित, ग्वालियर विभाग संयोजक शेखर दीक्षित एवं ग्वालियर महानगर महामंत्री चंद्रप्रताप सिकरवार ने महानाट्य के पोस्टर का लोकार्पण करते हुए बताया कि देशभर में इस नाटक का मंचन 46 स्थानों पर हो चुका है। नाद ब्रह्म नागपुर संस्था द्वारा निर्मित इस नाटक का मंचन ग्वालियर में पहली बार हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस नाटक के निर्माता पद्माकर धानोकर, लेखक डॉ. अजय प्रधान, निर्देशक सुबोध सुर्जीकर तथा संगीत संयोजन शैलेश दाणी द्वारा किया गया है। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित नाटक के माध्यम से डॉ. हेडगेवार के जीवन, विचारों, संगठन निर्माण और राष्ट्रसेवा के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य भारत प्रांत के प्रांत संघचालक अशोक पांडे विशेषरूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने लोगों से कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया है।
पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य भारत प्रांत के सह संपर्क प्रमुख नवल शुक्ला, ग्वालियर विभाग सह कार्यवाह मुनेन्द्र कुशवाह, विभाग सह संपर्क प्रमुख गिर्राज दानी भी उपस्थित रहे।
महानाट्य ‘युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार’ का मंचन 22 को, महानाट्य के पोस्टर का हुआ लोकार्पण
RELATED ARTICLES