ग्वालियर21अगस्त 2026/राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (नेशनल बुक ट्रस्ट इंडिया-एनबीटी) द्वारा ग्वालियर में पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं जिला शिक्षा कार्यालय, ग्वालियर के सहयोग से आयोजित यह प्रदर्शनी 22 से 30 अगस्त 2026 तक शासकीय केंद्रीय पुस्तकालय, महाराज बाड़ा, लश्कर में चलेगी। प्रदर्शनी का समय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा।
प्रदर्शनी में एनबीटी द्वारा प्रकाशित हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू एवं क्षेत्रीय भाषाओं की पुस्तकें बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी। इसमें सभी आयु वर्ग के पाठकों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विषयों पर पुस्तकें रखी जाएंगी। कहानी, उपन्यास, महापुरुषों की जीवनियां, लोकोपयोगी विज्ञान, भारत-देश एवं समाज, युवाओं तथा बच्चों से संबंधित पुस्तकों का विशेष संग्रह प्रदर्शनी में उपलब्ध रहेगा।
पुस्तक खरीदने पर 10 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। इसके अलावा पुस्तक प्रेमियों को एनबीटी के बुक क्लब की सदस्यता लेने का अवसर मिलेगा। बुक क्लब की सदस्यता लेने पर पाठकों को आजीवन 20 प्रतिशत छूट का लाभ मिल सकेगा।
22 अगस्त को होगा प्रदर्शनी का उद्घाटन
पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन 22 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे ग्वालियर की जिला कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा किया जाएगा। आयोजकों ने पुस्तक प्रेमियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों से प्रदर्शनी में पहुंचकर पुस्तकों का लाभ उठाने की अपील की है।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास का उद्देश्य किफायती कीमतों पर उच्च कोटि की पुस्तकों का प्रकाशन कर उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में आम पाठकों तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के तहत समय-समय पर पुस्तक मेलों, प्रदर्शनियों, कार्यशालाओं और संगोष्ठियों का आयोजन किया जाता है।
आयोजकों ने मीडिया संस्थानों से भी प्रदर्शनी की जानकारी शहर, जिले और प्रदेश के पुस्तक प्रेमियों तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की है, ताकि ग्वालियर में पुस्तक संस्कृति के विकास और प्रोत्साहन को गति मिल सके।
ग्वालियर में 22 से 30 अगस्त तक लगेगी पुस्तक प्रदर्शनी, किताबों पर मिलेगी 10 प्रतिशत छूट
RELATED ARTICLES