Homeप्रमुख खबरेंस्वर्ग सदन में लगे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 825 मरीजों को मिला...

स्वर्ग सदन में लगे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 825 मरीजों को मिला इलाज, हर सप्ताह पहुंचेगी डॉक्टरों की टीम

26 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित, जिला अस्पताल में होंगे ऑपरेशन
ग्वालियर 27 अगस्त 2026/अखिल भारतीय स्वास्थ्य संस्थान के तत्वावधान में वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक द्विवेदी की धर्मपत्नी एवं समाजसेविका स्व. मोनिका द्विवेदी की 19वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को गुढ़ा-गुढ़ी का नाका स्थित आश्रम स्वर्ग सदन में निःशुल्क सुपर स्पेशलिटी हेल्थ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं देते हुए कुल 825 मरीजों की जांच कर उनका उपचार किया।
शिविर के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमएस सागर रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं उपस्थितजनों द्वारा स्व. मोनिका द्विवेदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. एमएस सागर ने कहा कि किसी प्रियजन की स्मृति में जरूरतमंदों की सेवा और उनके स्वास्थ्य की चिंता करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने स्वर्ग सदन में रहने वाले लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के लिए हर सप्ताह डॉक्टरों की टीम आश्रम भेजने की घोषणा की।
शिविर में वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. बीआर श्रीवास्तव, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पुनीत रस्तोगी, बाल एवं शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अजय गौड़, न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश उदैनिया, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहिता गौड़, डॉ. रीता मिश्रा, डॉ. वीणा प्रधान, चर्म रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अनुभव गर्ग, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अजय पाल, डॉ. प्रदीप प्रजापति, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डॉ. आरके राजौरिया, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. गजराज गुर्जर, वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. अंकित शर्मा, डॉ. नरेंद्र परमार एवं डॉ. सजल गुप्ता सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने निःशुल्क सेवाएं दीं।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. गजराज गुर्जर ने मरीजों की आंखों की जांच की। जांच के बाद 26 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया, जिनके ऑपरेशन जिला अस्पताल में किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को आवश्यक जांच और दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज ने बताया कि शिविर में 825 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. गजराज गुर्जर अब तक संस्थान के शिविरों के माध्यम से 80 से अधिक मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन करा चुके हैं। वहीं स्वर्ग सदन में अब तक ऐसे करीब 50 जरूरतमंद मरीजों के ऑपरेशन भी शिविरों के माध्यम से कराए जा चुके हैं, जिनका अपना कोई नहीं था।
शिविर का संचालन संयोजक शीन द्विवेदी ने किया तथा आभार आश्रम संचालक विकास गोस्वामी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर शीन द्विवेदी, क्रिश द्विवेदी, पवन सूर्यवंशी, अतर सिंह जाटव, आकाश श्रीवास, सूरज सविता, राहुल पाल, गिर्राज कुशवाह, काजल, छाया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments