अलग-अलग राज्यों के बीजेपी ट्विटर हैंडल्स पर इसी तरह के क्रिएटिव मीम्स और वीडियो पोस्ट किए जाने लगे. इन पोस्ट्स के जरिए सिर्फ राजनीतिक मैसेजिंग ही नहीं की जा रही, बल्कि राजनीतिक फनी सटायर और व्यंग्य के जरिए भी विपक्ष पर निशाना साधा जा रहा है. बीजेपी आईटी सेल के एक अधिकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर बीजेपी के वीडियो पोस्ट करने के बाद यह तय किया गया कि देशभर के बीजेपी राज्यों के ट्विटर हैंडल्स को एक साथ जोड़ा जाए.
बीजेपी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम अब फुल एक्शन मोड में नजर आ रही है. भारतीय जनता पार्टी के सभी मोर्चों के अध्यक्ष लगातार बैठकें कर रहे हैं और संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज हो गई है लेकिन इन सबके बीच बीजेपी सोशल मीडिया कन्वीनर दीपक मस्के की टीम ने सोशल मीडिया पर एक अलग अंदाज में अपनी सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है.
पिछले तीन दिनों में बीजेपी के कई राज्यों के ट्विटर हैंडल्स ने एक-दूसरे को कोट और रिट्वीट करना शुरू किया है. इसके साथ ही अलग-अलग राज्यों के हैंडल्स के बीच कोलैबोरेशन किया जा रहा है. मीम्स, बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों के सीन और क्रिएटिव वीडियो के जरिए राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की जा रही है. दरअसल, इसकी शुरुआत जम्मू-कश्मीर बीजेपी के ट्विटर हैंडल से हुई. जम्मू-कश्मीर बीजेपी के हैंडल ने बॉलीवुड के सितारों सलमान खान, संजय दत्त और जैकी श्रॉफ का एक वीडियो ट्वीट किया. इस वीडियो में तीनों अभिनेता एक साथ रियलिटी शो के मंच पर नजर आ रहे हैं. जम्मू-कश्मीर बीजेपी ने इस वीडियो को राजनीतिक अंदाज देते हुए संजय दत्त को कर्नाटक बीजेपी, सलमान खान को जम्मू-कश्मीर बीजेपी और जैकी श्रॉफ को गोवा बीजेपी के तौर पर दर्शाया.
पोस्ट में लिखा गया-“तीन भाई, तीनों तबाही ??The worst nightmare for the Dimagi Naxal ecosystem!” जैसे ही यह पोस्ट ट्विटर पर ट्रेंड करने लगा, बीजेपी आईटी सेल के नेताओं और सोशल मीडिया टीम की नजर इस पर पड़ी. इसके बाद अलग-अलग राज्यों के बीजेपी हैंडल्स के बीच कोलैबोरेशन का सिलसिला शुरू हो गया. जम्मू-कश्मीर बीजेपी के इस ट्वीट पर मध्य प्रदेश बीजेपी के हैंडल से एक कोट ट्वीट किया गया. इसमें लिखा गया- “Hold up… Madhya Pradesh is entering the chat?? तीन भाई? Make it चार अब तबाही होगी आर-पार!” धीरे-धीरे इस तरह के पोस्ट ट्विटर पर ट्रेंड करने लगे. ट्रेंड को देखते हुए दिल्ली बीजेपी ने भी इसमें एंट्री की.
सिर्फ राजनीतिक मैसेजिंग ही नहीं…
दिल्ली बीजेपी ने अभिनेता पंकज त्रिपाठी के एक वीडियो के साथ पोस्ट किया. “भूल तो नहीं गए हमें?” इसके बाद अलग-अलग राज्यों के बीजेपी ट्विटर हैंडल्स पर इसी तरह के क्रिएटिव मीम्स और वीडियो पोस्ट किए जाने लगे. इन पोस्ट्स के जरिए सिर्फ राजनीतिक मैसेजिंग ही नहीं की जा रही, बल्कि राजनीतिक फनी सटायर और व्यंग्य के जरिए भी विपक्ष पर निशाना साधा जा रहा है. बीजेपी आईटी सेल के एक अधिकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर बीजेपी के वीडियो पोस्ट करने के बाद यह तय किया गया कि देशभर के बीजेपी राज्यों के ट्विटर हैंडल्स को एक साथ जोड़ा जाए.
सभी हैंडल्स एक-दूसरे के ट्वीट को कोट करें, टैग करें और जरूरत के मुताबिक आपस में कोलैबोरेशन करें. बीजेपी के इस अधिकारी का कहना है कि अलग-अलग राज्यों के बीजेपी हैंडल्स के फॉलोअर्स की संख्या काफी ज्यादा है. ऐसे में जब एक राज्य का हैंडल दूसरे राज्य के हैंडल को कोट या टैग करता है, तो कंटेंट की पहुंच कई गुना बढ़ जाती है. अधिकारी के मुताबिक, दिल्ली बीजेपी के एक ट्वीट के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि जिस तरह दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को सबक सिखाया, उसी तरह अब पंजाब की जनता भी आम आदमी पार्टी को सबक सिखाने जा रही है. बीजेपी का दावा है कि इस तरह के कंटेंट का असर सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पंजाब जैसे दूसरे राज्यों में भी इसकी पहुंच दिखाई देती है. पार्टी का फोकस ऐसे कंटेंट पर है, जिसका असर एक साथ दो से तीन राज्यों की राजनीतिक परिस्थितियों पर पड़ सके.
मीम्स और फनी वीडियो
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, जो कंटेंट देशव्यापी मुद्दों से जुड़ा होगा, उसमें सभी राज्यों के बीजेपी सोशल मीडिया हैंडल्स एक साथ मिलकर कोलैबोरेशन करेंगे. दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से “दिमागी नक्सल” शब्द का इस्तेमाल किए जाने के बाद इस मुद्दे को लेकर देशभर में राजनीतिक बहस तेज हुई है. अब बीजेपी के सोशल मीडिया हैंडल्स पर “दिमागी नक्सल” मानसिकता को लेकर आक्रामक तरीके से हमला किया जा रहा है. इसके लिए बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों के चर्चित सीन का इस्तेमाल किया जा रहा है. इन सीन को एडिट करके मीम्स और फनी वीडियो तैयार किए जा रहे हैं, जिनके जरिए राजनीतिक संदेश देने के साथ-साथ विपक्ष पर व्यंग्य भी किया जा रहा है.
बीजेपी के एक नेता का कहना है कि यह अभी सिर्फ “करवट” है. महज तीन दिनों में बीजेपी सोशल मीडिया पर जिस तरह का नैरेटिव सेट करने में सफल रही है, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जब पार्टी पूरी ताकत के साथ सोशल मीडिया कैंपेन चलाएगी, तब इसका असर कितना व्यापक हो सकता है. बीजेपी नेता का आरोप है कि कांग्रेस का नैरेटिव झूठ पर टिका हुआ है और जरूरी है कि “झूठ की राजनीति” का जवाब दिया जाए. ट्विटर के बाद अब बीजेपी इंस्टाग्राम पर भी इसी तरह के क्रिएटिव वीडियो और तस्वीरें पोस्ट करने की तैयारी में है. बीजेपी सूत्रों का दावा है कि ट्विटर पर राजनीतिक समझ रखने वाले लोगों की मौजूदगी ज्यादा है.
पार्टी ने ट्विटर पर जिस तरह का सोशल मीडिया कैंपेन शुरू किया है, अब उसी तरह की रणनीति इंस्टाग्राम पर भी अपनाने की तैयारी है. सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग राज्यों के बीजेपी हैंडल्स से इसी तरह के मीम्स, फनी वीडियो और क्रिएटिव पोस्ट लगातार देखने को मिल सकते हैं. शायद यही वजह है कि बीजेपी ने अपने इंस्टाग्राम और ट्विटर अकाउंट पर एक टीजर जैसा संदेश भी जारी किया है, जिसमें “Shall we begin” लिखा गया है और देशभर के अलग-अलग राज्यों के बीजेपी हैंडल्स को एक साथ टैग किया गया है. यानी बीजेपी की नई सोशल मीडिया टीम ने संकेत साफ कर दिया है- यह शुरुआत है, आने वाले दिनों में सोशल मीडिया पर कैंपेन और ज्यादा आक्रामक और क्रिएटिव होने वाला है.