Homeप्रमुख खबरेंभारी बारिश :अपर ककेटो बांध के चार गेट खोले, पार्वती नदी में...

भारी बारिश :अपर ककेटो बांध के चार गेट खोले, पार्वती नदी में बढ़ेगा जलस्तर, 8वीं कक्षा तक अवकाश

हरसी बांध के डाउनस्ट्रीम गांवों में अलर्ट, नदी के तटबंध और आसपास के क्षेत्रों से दूर रहने की अपील

भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर 5 सितंबर को ग्वालियर जिले में 8वीं कक्षा तक अवकाश

ग्वालियर/भितरवार, 4 सितंबर 2026। अपर ककेटो बांध के जल संग्रहण क्षेत्र में हो रही अति वर्षा और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए बांध प्रबंधन ने एहतियाती कदम उठाया है। बांध के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए शुक्रवार रात अपर ककेटो बांध के चार जल द्वार खोल दिए गए हैं। इन गेटों से लगभग 158.24 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है।

प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, अपर ककेटो बांध से छोड़ा गया पानी निर्धारित जलभराव क्षमता के बाद पार्वती नदी के माध्यम से हरसी बांध में पहुंचेगा। इससे हरसी बांध के जल संग्रहण क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने की संभावना है।

हरसी बांध में भी बढ़ सकता है जलस्तर

जलस्तर बढ़ने के कारण हरसी बांध की निर्धारित जलभराव क्षमता पूरी होने के बाद बांध के वेस्ट वियर से पानी ओवरफ्लो होकर पार्वती नदी में जाने की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए हरसी बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में आने वाले गांवों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया गया है।

इन गांवों में विशेष सतर्कता

प्रशासन ने हरसी बांध के डाउनस्ट्रीम में आने वाले पनानेर, कैथोड, धोबट, खिरिया, बोढी, जखावार, गधोटा, सिल्हा, पलायछा खेरा, नजरपुर, आदमपुर, आसन, भितरवार, मछरया, पवाया, घाटखेरिया, डडोमर, गोलेश्वर, सहारन, मसूदपुर, खरगोली और बासोडी सहित अन्य गांवों के नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

नदी किनारे नहीं जाएं

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि पार्वती नदी के तटबंध, नदी के आसपास के निचले क्षेत्रों और जलभराव वाले इलाकों से तत्काल दूरी बनाए रखें। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और अपने आसपास के अन्य लोगों को भी इस संबंध में सूचित करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बांधों में जलस्तर और मौसम की स्थिति को देखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे में नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका को देखते हुए लोगों से किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लेने की अपील की गई है।

भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर 5 सितंबर को ग्वालियर जिले में 8वीं कक्षा तक अवकाश

मौसम विभाग द्वारा जारी की गई भारी वर्षा की चेतावनी और जिले में अत्यधिक बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए ग्वालियर जिले में 5 सितंबर को नर्सरी से 8वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल एवं अन्य सभी बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्र-छात्राओं का 5 सितंबर 2026 को अवकाश रहेगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं के शिक्षक एवं अन्य स्टाफ नियमित समय पर उपस्थित रहेंगे तथा अन्य शासकीय कार्यों का निर्वहन करेंगे। पूर्व से निर्धारित महत्वपूर्ण गतिविधियां एवं परीक्षाएं, यदि कोई हों, यथावत संचालित की जाएंगी।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments