दो माह से अधिक समय से एम्स में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत बुधवार को एक बार फिर बिगड़ गई । रात्रि 9.30 बजे एम्स द्वारा जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया है कि अटलजी के स्वास्थ्य में तेजी से गिरावट आई है उन्हें किडनी, यूरीन और फेफड़ों का गम्भीर संक्रमण बताया गया है। उनकी हालत बिगड़ने सम्बन्धी बुलेटिन जारी होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका हाल जानने एम्स पहुंचे। अटल पिछले कुछ दिनों से वेंटीलेटर पर हैं।
एम्स के अनुभवी डॉक्टरों की टीम उनके सेहत की निगरानी कर रही है। एम्स सूत्रों का कहना है कि उनकी तबीयत अभी स्थिर बनी हुई है। जिसके बाद बुधवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी उनसे मिलने एम्स पहुंचीं। एम्स सूत्रों के अनुसार बुधवार सुबह से ही पूर्व प्रधानमंत्री की तबीयत नाजुक चल रही है।
बताया जा रहा है कि सुबह एम्स निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने प्रधानमंत्री से मुलाकत में वाजपेयी के तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी थी। जिसके बाद शाम करीब सवा सात बजे प्रधानमंत्री वाजपेयी से मिलने एम्स पहुंचे। यहां वह करीब एक घंटे रूके और डॉक्टरों के साथ ही परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात किया। इससे पहले शाम करीब छह बजे केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एम्स पहुंची थीं। वह करीब आधे घंटे तक एम्स में रुकीं।