28 से 30 सितंबर तक होने वाली तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित कर दी गई है.
रविवार देर रात इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (यूएफ़बीयू) के बीच हुई बैठक में यह सहमति बनी.
यूएफ़बीयू ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “बैंक यूनियनों की माँगों पर विचार करने के लिए आईबीए एक हाई लेवल कमेटी बनाने पर सहमत हो गई है, जिसके बाद यूनियनों ने हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है.”
बयान के मुताबिक, स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफ़ॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना में बदलाव को लेकर भी आईबीए के साथ चर्चा शुरू की जा सकती है. इसके बाद यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए इसमें संशोधन का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखा जाएगा.
इस फ़ैसले से आम जनता और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है. आज सोमवार से देश के सभी सरकारी और निजी बैंकों में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा और चेक क्लियरेंस, कैश ट्रांज़ैक्शन समेत सभी ब्रांच सेवाएँ सुचारू रूप से उपलब्ध रहेंगी.
गौरतलब है कि बैंक कर्मचारियों की मुख्य मांग फ़ाइव-डे वर्किंग (हर शनिवार-रविवार छुट्टी) और परफ़ॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) के नियमों में सुधार को लेकर है, जिस पर अब नवगठित कमेटी विचार करेगी.