मातृशक्ति को समाजकार्य से जोडऩे पर जोर
ग्वालियर/महिला समन्वय की दो दिवसीय अखिल भारतीय बैठक का समापन रविवार को एलएनआईपीई के रवीन्द्रनाथ टैगोर सभागार में हुआ। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा संघ विचार से प्रेरित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ देश के सभी प्रांतों से 305 महिला प्रतिनिधि एवं प्रमुख बंधु कार्यकर्ताओं सहित करीब 400 कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह मुकुंद जी, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य भैयाजी जोशी, राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका शांताक्का तथा महिला समन्वय की अखिल भारतीय संयोजिका एवं विश्व हिंदू परिषद की अखिल भारतीय उपाध्यक्ष मीनाक्षी ताई विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
दो दिनों तक चले विभिन्न सत्रों में महिला समन्वय के कार्य को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। महिला विमर्श, विभिन्न संगठनों के कार्यों में महिलाओं की भूमिका और उनकी उपलब्धियों सहित अनेक विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से संगठन एवं समाजकार्य में मातृशक्ति की सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही कुटुंब एवं सामाजिक समरसता जैसे विषयों को अधिक से अधिक मातृशक्ति तक पहुंचाने तथा इनके माध्यम से समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण की दिशा में कार्य करने पर भी विचार किया गया। बैठक में देशभर से आए प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए और महिला सहभागिता को व्यापक बनाने के लिए आगामी कार्ययोजना पर मंथन किया।